गरियाबंद। सेटिन क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड की देवभोग शाखा में पदस्थ रहे पूर्व शाखा प्रबंधक उमाकांत पूरी को लोन राशि में गबन और धोखाधड़ी के मामले में गरियाबंद पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह कार्रवाई कंपनी के डीआरएम द्वारा की गई शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें आरोपी पर लाखों रुपये की लोन राशि का गबन करने का आरोप है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 24 जुलाई 2025 को देवभोग थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सेटिन क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड, जो एक गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्था है, गरीब महिलाओं को समूह बनाकर ऋण सुविधा प्रदान करती है। आरोपी उमाकांत पूरी, जो कि 3 जनवरी 2023 से 24 फरवरी 2025 तक शाखा प्रबंधक के रूप में कार्यरत था। जिसको महिला ग्राहकों को ऋण वितरण और किश्त वसूली की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। प्रार्थी के अनुसार, आरोपी ने 1 मई 2024 से 20 मार्च 2025 के बीच विभिन्न महिला ग्राहकों से लोन की राशि वसूली की, परंतु वह धनराशि कंपनी के शाखा खाते में जमा न कर, अपने व्यक्तिगत खर्चों में उपयोग कर गबन कर गया। कई महिलाएं स्वयं देवभोग शाखा पहुंचकर कैश में किश्त जमा कर रही थीं, जबकि कुछ ने आरोपी के मोबाइल नंबर पर फोन-पे के माध्यम से भुगतान किया था। इन सभी लेन-देन की पुष्टि स्क्रीनशॉट, बैंक विवरण और दस्तावेजों के माध्यम से की गई है। पुलिस ने मामले में धारा 318(2) भा. न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज किया।
इस मामले की जांच के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य एकत्र हुए, जिनमें ग्राहकों की गवाही, नियुक्ति पत्र, बैंक और जीएसटी प्रमाण पत्र, और फोन-पे लेनदेन की जानकारी शामिल है। इसके आधार पर पुलिस ने मामले में धारा 316(5) को भी जोड़ा है, जो आपराधिक गबन से संबंधित है।
पुलिस ने आरोपी उमाकांत पूरी, निवासी ग्राम भिलाईगढ़, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गरियाबंद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
देवभोग थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह भी जांचा जा रहा है कि आरोपी द्वारा गबन की गई राशि कितनी थी और क्या इसमें अन्य कर्मचारी भी संलिप्त थे। वित्तीय संस्थाओं में कार्यरत कर्मचारियों की इस तरह की लापरवाही और धोखाधड़ी को देखते हुए पुलिस ने वित्तीय संस्थाओं को अपने आंतरिक ऑडिटिंग और निगरानी प्रणाली को सशक्त करने की सलाह दी है। पुलिस द्वारा समय पर की गई इस कार्रवाई से देवभोग और आसपास के क्षेत्रों में वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखने का एक मजबूत संदेश गया है।



