रायपुर। रायपुर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले ड्रग तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने पंजाब के एक कुख्यात अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर सहित रायपुर के कुल 09 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से करीब 412 ग्राम हेरोइन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह नेटवर्क पाकिस्तान से संचालित हो रहा था, जहां से पंजाब के रास्ते हेरोइन भारत में भेजी जा रही थी। मुख्य आरोपी लवजीत सिंह उर्फ बंटी, जो पंजाब के गुरदासपुर का निवासी है, पाकिस्तान के तस्करों से सीधे संपर्क में था। जांच के दौरान उनके बीच की बातचीत के डिजिटल सबूत भी मिले हैं।

तस्करों ने सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी से बचने के लिए अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबरों, इंटरनेट कॉलिंग, वीडियो कॉल और लोकेशन शेयरिंग जैसे आधुनिक डिजिटल साधनों का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, पैसों के लेन-देन में म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल कर ट्रांजैक्शन को ट्रैक करना मुश्किल बना दिया गया था। जांच में करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन का भी खुलासा हुआ है।

See also  रोजगार सहायक बर्खास्त : पीएम आवास योजना के हितग्राही से पैसे की मांग की शिकायत पर जिला प्रशासन का एक्शन

रायपुर नेटवर्क का संचालन सुवित श्रीवास्तव नामक व्यक्ति कर रहा था, जो कमल विहार सेक्टर-04 का निवासी है। उसका घर ही इस पूरे ड्रग तस्करी नेटवर्क का मुख्य अड्डा बन चुका था, जहां से हेरोइन की डीलिंग और सप्लाई की जा रही थी।

इस मामले का खुलासा रायपुर एसएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत टिकरापारा थाना में मामला दर्ज किया है। आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ की जाएगी, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों और विदेशी कनेक्शनों की जानकारी भी सामने आ सके।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।