रायपुर। रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में आज (गुरुवार) को महापौर परिषद (MIC) की बैठक हुई। इस बैठक में इस बैठक में कुल 38 मूल और 4 अतिरिक्त प्रस्तावों पर चर्चा हुई, जिन्हें अब सामान्य सभा की स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

महापौर मीनल चौबे ने बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पेंशन योजनाओं, महादेव घाट के सौंदर्यीकरण, अधोसंरचना विकास, और महिला सशक्तिकरण जैसे प्रमुख विषयों पर निर्णय लिए गए।

महापौर परिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें आगामी गणेशोत्सव के दौरान सजावट और विसर्जन झांकियों को निगम की ओर से पुनः पुरस्कार देने की व्यवस्था भी शामिल है। यह परंपरा वर्षों से बंद थी, जिसे फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया।

मोर जमीन मोर मकान योजना के तहत टिकरापारा, डिमरापारा (रायपुरा) और सरोना के नए-पुराने बाजार क्षेत्रों को केंद्र की डीएलसी योजना में शामिल करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ, जिसे विधायक राजेश मूणत ने प्रस्तुत किया था।

See also  Triple Talaq Bill पर बोले पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह, सबला हुईं मुस्लिम महिलाएं

शहर में सामाजिक सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए भी ठोस कदम उठाए गए। पेंशन योजना के अंतर्गत 428 नए मामलों पर निर्णय लिया गया। साथ ही, नरैया तालाब के पास लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से महिला शांति गृह निर्माण को हरी झंडी मिली। वर्किंग वुमन हॉस्टल के लिए भी तीन स्थानों पर कुल 47.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के महादेव घाट को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए 20 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। वहीं छुईयां तालाब के सौंदर्यीकरण हेतु लगभग 3 करोड़ रुपये की निविदा को मंजूरी दी गई।

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गौरव पथ 2.0 के तहत पचपेड़ी नाका से सीएसईबी चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 37.61 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। शहर के 18 प्रमुख चौकों की पहचान कर यातायात सुधार की योजना बनाई गई है। तेलीबांधा में 4 करोड़ रुपये की लागत से टेक्निकल टावर और खम्हरडीह में उच्च स्तरीय जलाशय के निर्माण की स्वीकृति भी दी गई है।

See also  मदिराप्रेमियों के लिए काम की खबर, शराब की होम डिलवरी के लिए जरूरी है आधार कार्ड, अब राजधानी रायपुर और कोरबा में भी शुरू

नागरोथान योजना के अंतर्गत कुल चार प्रमुख कार्यों के लिए 93.42 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए “वुमन फॉर ट्री” अभियान के तहत महिला स्व-सहायता समूहों को वृक्षों की निगरानी की जिम्मेदारी दी जाएगी। वहीं वायु गुणवत्ता सुधार के लिए 15वें वित्त आयोग से मिले 23.16 करोड़ रुपये के उपयोग पर भी चर्चा की गई। मशीनीकृत सड़क सफाई और आकांक्षी शौचालयों के निर्माण को भी हरी झंडी मिली।

दलदल सिवनी में दिव्यांगजनों के लिए 9.95 करोड़ की लागत से विशेष पार्क का निर्माण होगा। शहीद स्मारक भवन के संचालन हेतु योजना बनाई जा रही है। शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के लिए 5 करोड़ और खेल मैदानों में विद्युत सुविधा के लिए 5.82 करोड़ रुपये की निविदाएं स्वीकृत की गई हैं। नवीन मार्केट के पुनर्विकास के तहत 4.52 किलोमीटर क्षेत्र में बहुद्देशीय कार्य होंगे।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।