रायपुर। सूरजपुर जिले के भटगांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में फर्श पर डिलीवरी के मामले में कार्रवाई की गई है।

जानकारी के मुताबिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव में गर्भवती महिला प्रसव के लिए पहुंची थी। घंटों तक प्रसव पीड़ा से अस्पताल परिसर में तड़पती रही। अस्पताल में कोई डॉक्टर और स्टाफ दिखाई नहीं दिया। अंततः महिला ने अस्पताल परिसर के फर्श पर ही बच्चे को जन्म दे दिया।

डिलवरी के बाद खुद करनी पड़ी फर्श की सफाई

सबसे गंभीर बात यह रही कि डिलीवरी के बाद महिला को स्वयं फर्श की सफाई करनी पड़ी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की गंभीर लापरवाही के बावजूद गनीमत रही कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

जांच रिपोर्ट में आरएचओ (महिला) श्रीमती विक्टोरिया केरकेट्टा के कार्य में लापरवाही की पुष्टि होने पर उसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही ड्यूटी रोस्टर के अनुसार संबंधित मेडिकल ऑफिसर और स्टाफ नर्स पर भी कार्रवाई की अनुशंसा कर राज्य शासन को रिपोर्ट भेजी गई है।

See also  सराहनीय: "ए मां भोजन सेवा समिति "- स्वर्गीय बिमल अग्रवाल की स्मृति में फार्च्यून बिल्डकॉन की अनुकरणीय पहल, रायपुरियंस को अब मिलेगी नि:शुल्क आपातकालीन एंबुलेंस सेवा

बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस मामले के संज्ञान में आते ही स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को पूरे मामले की जांच करने और दोषी अधिकारी कर्मचारी पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके परिपालन में जिला स्तरीय टीम का गठन कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।