कोलकाता। फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में हंगामा हो गया। निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने आरोप लगाया है कि, पश्चिम बंगाल सरकार उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। विरोध के चलते उन्हें कार्यक्रम स्थल छोड़ना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, अग्निहोत्री ने फिल्म का ट्रेलर कोलकाता के एक सिनेमाहॉल में लॉन्च करने की योजना बनाई थी। लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद उन्हें बताया गया कि, इवेंट कैंसिल कर दिया गया है। इसके बाद उन्होंने एक निजी होटल में स्क्रीनिंग रखी, जहां फिर से विरोध हुआ और ट्रेलर लॉन्च में बाधा आई। हालांकि अब फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया गया है।
इवेंट में अग्निहोत्री के साथ उनकी पत्नी और एक्ट्रेस पल्लवी जोशी भी मौजूद थीं। दोनों की सुरक्षा के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। अग्निहोत्री ने ममता सरकार पर सवाल उठाते हुए इसे अभिव्यक्ति की आज़ादी पर हमला बताया। उनका कहना है कि फिल्म में ऐसा कुछ नहीं था जिससे विरोध justified हो।
पल्लवी जोशी ने भी विरोध पर नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा, “हमें अपनी बात कहने से रोका जा रहा है। क्या बंगाल में अब अभिव्यक्ति की आज़ादी नहीं रही? अगर कश्मीर में ऐसा नहीं हुआ, तो बंगाल में क्यों?” ‘द बंगाल फाइल्स’ हिंदू-मुस्लिम दंगों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कहानी उस दौर की है जब गांधी और जिन्ना के बीच बंगाल को लेकर तनाव था। फिल्म 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


