राजनांदगांव। शहर के कन्हारपुरी वार्ड में नाला निर्माण के लिए खोदे गए खुले गड्ढे में गिरने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद हुई जांच में नगर निगम की लापरवाही उजागर हुई। जिसके बाद पुलिस ने ठेकेदार और नगर निगम के ईई व दो इंजीनियरों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज किया है।

यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। बीते मंगलवार की रात को राजनांदगांव शहर के कन्हारपुरी वार्ड में तिरंगा चौक पर नाला निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में 25 वर्षीय आकाश पिता तुलसीराम साहू बाइक से गुजरते वक्त खुले गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

तीन माह पहले ही हुआ था विवाह

इस हादसे का सबसे दुखद पहलु यह है कि आकाश कुमार साहू का 3 माह पहले ही विवाह हुआ था और वह अपने ससुराल लखोली जाने के लिए ही निकला था।

See also  धान खरीदी को लेकर किसानों ने फिर नेशनल हाइवे जाम किया

लंबे समय से खुला हुआ था गड्ढा

वार्डवासियों के अनुसार यह गड्ढा पिछले डेढ़ महीने से खुला पड़ा था और इसके चारों ओर कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। इसे देखते हुए मृतक के परिजनों ने प्रशासन से त्वरित न्याय और मुआवजे की मांग की। इधर कांग्रेस कमेटी ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच समिति का गठन किया। समिति यह तय करेगी कि हादसे में किस स्तर की लापरवाही हुई और किस अधिकारी को घटना के लिए कितना जिम्मेदार माना जाए।

इस हादसे की पुलिसिया जांच के बाद ठेका फर्म मेसर्स एनएमडी इंटरप्राइसेस के प्रोपराइटर प्रखर श्रीवास्तव, नगर निगम के कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा, सहायक अभियंता प्रणय मेश्राम, उप अभियंता अशोक देवांगन के खिलाफ धारा 106(1), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस इनकी जल्द गिरफ्तारी कर सकती है।

See also  चुनाव कार्य में लगे शिक्षकों ने मांगे पूरी नहीं होने पर निर्वाचन कार्य को प्रभावित करने की दी धमकी