रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम तेजी से बदल रहा है। पिछले कुछ दिनों से हो रही हल्की से मध्यम बारिश के कारण पूरे प्रदेश में ठंडक बनी हुई है। बीते 24 घंटों के दौरान बस्तर, रायपुर और बिलासपुर संभाग में बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक उत्तर छत्तीसगढ़ में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है, जबकि दो दिन बाद वर्षा की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।


निम्न दाब क्षेत्र का असर

मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा ने बताया कि इस समय एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश और उसके आसपास सक्रिय है। वहीं, मानसून द्रोणिका बीकानेर, जयपुर, ग्वालियर, प्रयागराज, निम्न दाब केंद्र, पुरुलिया, दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।
इसके चलते आज प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

See also  Chhattisgarh Weather Update:  फिर मेहरबान हुआ मानसून, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी

यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर जिलों में मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। इन इलाकों के लिए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।


राजधानी रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बादल गरजने-चमकने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।