0 सरकार से इस मूल्यांकन घोटाले की भी सीबीआई जांच की मांग

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ राज्य लोकसेवा आयोग (पीएससी) को बर्बाद कर दिया है। विधानसभा चुनाव के समय छत्तीसगढ़ पीएससी की परीक्षाओं को यूपीएससी की तर्ज पर करवाने का वादा करने वाली भाजपा सरकार ने पीएससी की परीक्षाओं को मजाक बना कर रख दिया है।

बैज ने कहा कि पीएससी की परीक्षा के कॉपी जांचने में घोटाला हो रहा है। सीजीपीएससी की परीक्षा के उत्तर पुस्तिका जांचने वालों के नाम समाचारों में छप रहे हैं। एक वेबसाइट में खबर चल रही है कि पीएससी ने डेपुटेशन पर नौकरी करने वालों तथा अपात्र एल.बी. शिक्षकों को पीएससी परीक्षा की उत्तर पुस्तिका जांचने का जिम्मा दिया गया है। यदि इस खबर में सच्चाई है तो यह बेहद चिंता और आपत्तिजनक है।

दीपक बैज ने बताया कि खबर के मुताबिक बिलासपुर पीजीबीटी कॉलेज के डेपुटेशन में नौकरी करने वाले लोग पीएससी की परीक्षा की कॉपी जांच रहे है। कॉपी जांचने वाले शिक्षकों विद्याभूषण शर्मा, सलीम जावेद एवं वहां की प्रिंसिपल सभी का उल्लेख है। पीएससी की परीक्षा में प्रश्न पत्र सेट करने से लेकर उत्तर पुस्तिका जांचने का काम गोपनीय होता है। यह कैसे सामने आया कि कौन लोग कॉपी जांच रहे है? जब परीक्षा में गोपनीयता ही नहीं बची तो उसकी निष्पक्षता और ईमानदारी पर भी सवाल खड़ा होता है। परीक्षा में ईमानदारी से बिना गड़बड़ी के चयन होगा इसकी संभावना समाप्त हो गयी है।

See also  Punjab Election : सीएम चन्नी ने EC को लिखी चिट्ठी, की चुनाव को एक हफ्ता पोस्टपोन करने की मांग

दीपक बैज ने कहा कि कक्षा पांचवी के बोर्ड परीक्षाओं में भी प्रश्न पत्र सेट करने वाले तथा कॉपी जांचने वाले शिक्षकों के नाम गोपनीय रहते हैं, यहां तो एसडीएम, डीएसपी, नायब तहसीलदार, महिला बाल विकास अधिकारी एवं अन्य उच्च संवर्ग के पदों पर नियुक्ति के लिए परीक्षा आयोजित की जाती है। जब बाजार में परीक्षकों के नाम सामने आ रहे हैं, तो इसकी क्या गारंटी है कि परीक्षा की कॉपी निष्पक्षता से और ईमानदारी से जांची गयी है। पीएससी परीक्षा की जांच सीबीआई कर रही है। इस मामले में भी सीबीआई जांच होनी चाहिए।