भोपाल। मंगलवार देर रात मंत्रालय में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय दुबे और आयुक्त संकेत भौंडवे की मौजूदगी में अहम बैठक हुई। इसमें ग्वालियर और कटनी को छोड़कर प्रदेश के 14 महापौर शामिल हुए।

महापौरों ने शिकायत की स्थानीय स्तर पर कई काम लंबित हैं और अधिकारी समस्याओं का समाधान नहीं कर रहे। मंत्री ने महापौरों और अधिकारियों के बीच सीधी चर्चा कराकर निकायवार मुद्दों पर विचार-विमर्श कराया।

अवैध कॉलोनियों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत

जबलपुर महापौर जगत बहादुर सिंह ने बैठक में अवैध कॉलोनियों के बढ़ते प्रसार पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि, अगर समय रहते सख्त कानून बनाकर इन पर अंकुश नहीं लगाया गया तो यह भविष्य में बड़ी समस्या बन जाएगी। उन्होंने बताया कि अवैध कॉलोनियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। अन्य महापौरों ने भी इस मुद्दे पर कठोर कदम उठाने की आवश्यकता पर सहमति जताई।

महापौरों ने बताया कि, सस्ते दामों के लालच में गरीब लोग इन कॉलोनियों में प्लॉट या मकान खरीद लेते हैं, लेकिन कॉलोनी विकसित करने वाले सुविधाएं नहीं देते। बाद में निगम और सरकार पर मूलभूत सुविधाओं की मांग का दबाव पड़ता है। इससे अवैध कॉलोनियां बढ़ती जा रही हैं।

See also  सड़क मार्ग को भूल जाइए! वंदे भारत ने बदली कश्मीर की तस्वीर, अब सफर हुआ आलीशान