स्पोर्ट्स डेस्क। IND vs WI 2nd Test Day-2 : भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी पांच विकेट पर 518 रन बनाकर घोषित कर दी। इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। यशस्वी जायसवाल के बाद कप्तान शुभमन गिल ने भी शानदार शतक जड़ा। गिल 129 रन बनाकर नाबाद लौटे। ध्रुव जुरेल के आउट होते ही टीम ने अपनी पारी घोषित कर दी।

दूसरे दिन भारत ने दो विकेट पर 318 रन से आगे खेलना शुरू किया। यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल के बीच अच्छी साझेदारी चल रही थी, लेकिन तालमेल की कमी के चलते जायसवाल रन आउट हो गए और दोहरा शतक लगाने से चूक गए। उन्होंने 175 रनों की शानदार पारी खेली।

इसके बाद गिल ने नीतीश रेड्डी के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की। नीतीश 43 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद गिल ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए अपने करियर का 10वां टेस्ट शतक पूरा किया। ध्रुव जुरेल 44 रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज की ओर से जोमेल वारिकन ने तीन विकेट झटके, जबकि रोस्टन चेज को एक सफलता मिली।

See also  छत्तीसगढ़ के इस जिले में बिगड़े हालात, ऑक्सीजन के न मिलन से 6 कोरोना मरीजों की मौत