रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने वर्ष 2026 के लिए प्रवेश और भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इस कैलेंडर के अनुसार अप्रैल से दिसंबर 2026 के बीच 25 से अधिक परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। पहली परीक्षा 12 अप्रैल को फार्मासिस्ट ग्रेड-2 भर्ती के लिए होगी।
अप्रैल से जून तक प्रमुख परीक्षाओं का शेड्यूल
19 अप्रैल को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा और 26 अप्रैल को मंडी बोर्ड में उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षाओं में पीपीटी और प्री-एमसीए 7 मई, पीईटी और एमएससी नर्सिंग 14 मई, पीपीएचटी और पोस्ट बेसिक नर्सिंग 21 मई, प्री-डीएलएड 4 जून, प्री-बीएड और बीएससी नर्सिंग 11 जून तथा पीएटी और पीव्हीपीटी 21 जून को होंगी। हाईकोर्ट में डाटा एंट्री ऑपरेटर भर्ती परीक्षा 28 जून को निर्धारित की गई है।
जुलाई से सितंबर तक भर्ती परीक्षाओं की तिथियां तय
सहकारिता विभाग में उपअंकेक्षक के लिए 5 जुलाई, गृह विभाग में सहायक उप निरीक्षक के लिए 12 जुलाई, नगर सेना में फायरमैन भर्ती 19 जुलाई, पर्यावरण विभाग में प्रयोगशाला परिचारक के लिए 26 जुलाई, जल संसाधन विभाग में अनुरेखक (सिविल) के लिए 2 अगस्त और स्वास्थ्य सेवाओं में ओटी टेक्निशियन भर्ती परीक्षा 30 अगस्त को आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा, विधि विधायी और विधिक सेवा प्राधिकरण में सहायक ग्रेड-3 के लिए 9 सितंबर, स्वास्थ्य विभाग में लैब असिस्टेंट और नमूना सहायक के लिए 20 सितंबर, जबकि पर्यावरण संरक्षण मंडल में सहायक ग्रेड-3 की परीक्षा 27 सितंबर को होगी।
अक्टूबर से दिसंबर तक की परीक्षाओं का कार्यक्रम
राज्य पात्रता परीक्षा (सेट) 4 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। प्रधान मुख्य वन संरक्षण कार्यालय में सहायक ग्रेड-3 के लिए परीक्षा 6 दिसंबर को होगी। वहीं, स्टेनोग्राफर के लिए संयुक्त भर्ती परीक्षा 13 दिसंबर और सहायक ग्रेड-3 भर्ती परीक्षा 20 दिसंबर को होगी।
व्यापम की ओर से जारी यह परीक्षा कैलेंडर उम्मीदवारों को तैयारी की योजना बनाने में मदद करेगा। विस्तृत जानकारी और परीक्षा से संबंधित अपडेट छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।



