Chhattisgarh Weather Update : प्रदेश में मानसून की वापसी के बाद एक बार फिर बादलों ने दस्तक दी है। मौसम विभाग ने मंगलवार को मध्य और दक्षिणी जिलों में बारिश और गरज-चमक के आसार जताए हैं। अगले पांच दिनों तक रात के तापमान में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है, इसलिए ठंड का असर सामान्य बना रहेगा।

कहां कितना तापमान रहा?

पिछले 24 घंटों में दुर्ग सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं सबसे कम तापमान पेण्ड्रा रोड में 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान तोकापाल और सुकमा में 2 सेमी, जबकि तोंगपाल और बकावंड में 1 सेमी बारिश हुई।

नया सिस्टम बन रहा है बंगाल की खाड़ी में

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती क्षेत्र बना हुआ है, जो समुद्र तल से करीब 1.5 किमी की ऊंचाई तक फैला है। इसके असर से 21 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा और अगले 48 घंटों में अवदाब का रूप ले सकता है।

See also  PM Modi: दिवाली से पहले किसानों को मोदी का तोहफा, फसलों की MSP बढ़ाने की तैयारी

गिर सकती है बिजली

विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ जगहों पर गर्जन के साथ बिजली गिरने की संभावना है। लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी।

राजधानी रायपुर का मौसम

रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।