टीआरपी डेस्क। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बिहार के मुजफ्फरपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके बेटे तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। शाह ने कहा कि अगर तेजस्वी को सत्ता मिली, तो बिहार में हत्या, अपहरण और रंगदारी के तीन नए मंत्रालय खुल जाएंगे।

उन्होंने कहा, लालू जी के बेटे अगर मुख्यमंत्री बने, तो बिहार फिर उसी पुराने दौर में लौट जाएगा, जब जनता असुरक्षा, अपराध और भय के माहौल में जीती थी। आपके वोट से बिहार को फिर से जंगलराज में जाने से बचाया जा सकता है।

अमित शाह ने आगे कहा कि अगर एनडीए की सरकार दोबारा बनी, तो बिहार को बाढ़मुक्त बनाने के लिए एक अलग मंत्रालय का गठन किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सुशासन और विकास के लिए एनडीए को एक बार फिर बहुमत दें।

शाह ने लालू प्रसाद यादव और सोनिया गांधी पर तंज कसते हुए कहा, दोनों अपने-अपने बेटों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं, जबकि दोनों पद खाली नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को सुरक्षित, समृद्ध और सशक्त बनाया है और जनकल्याण के कई कदम उठाए हैं।

See also  अब घर के मुखिया की सहमति के बिना नहीं होगा आधार कार्ड में बदलाव

वैशाली में एक अन्य सभा में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने उद्योग और आधारभूत ढांचे में बड़ी प्रगति की है। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर में 20,000 करोड़ रुपये की लागत से मेगा फूड पार्क की दिशा में काम शुरू हो चुका है और गया में इंजीनियरिंग क्लस्टर स्थापित किया गया है।

शाह ने कहा, मोदी-नीतीश शासन में बिहार वह पहला राज्य बना जिसने रेल इंजन का निर्यात किया ये वही बिहार है जिसे कभी अपराध और भ्रष्टाचार की पहचान से देखा जाता था, अब विकास की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।