टीआरपी डेस्क। Rising Pollution In National Capital: राजधानी दिल्ली एक बार फिर खतरनाक वायु प्रदूषण की गिरफ्त में है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बिगड़ती एयर क्वालिटी पर प्रतिक्रिया देते हुए छह साल पुरानी अपनी सोशल मीडिया पोस्ट साझा की, जिसमें लिखा था, “कब तक जिंदगी काटोगे सिगरेट, बीड़ी और सिगार में? कुछ दिन तो गुजारो दिल्ली-एनसीआर में।” उन्होंने कहा कि यह पोस्ट आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। थरूर ने एक्स पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि छह साल बाद भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया, जो निराशाजनक है।
सीपीसीबी के अनुसार शनिवार सुबह 8 बजे दिल्ली का समग्र एक्यूआई 355 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में है। इंडिया गेट क्षेत्र में एक्यूआई 322, पालम में 320 और धौला कुआं में 269 रहा। एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम ने चेताया है कि आने वाले दिनों में भी वायु गुणवत्ता बेहद खराब बनी रह सकती है।
स्थानीय निवासी करण शर्मा ने प्रदूषण के स्तर को चिंताजनक बताते हुए कहा कि सांस लेने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने सरकार से स्थिति पर तुरंत नियंत्रण के लिए कदम उठाने की अपील की।
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए रेखा गुप्ता सरकार और दिल्ली नगर निगम ने कार्यालयों के कामकाज के समय में परिवर्तन किया है। 15 नवंबर से सरकारी कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक और नगर निगम कार्यालय सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे। वर्तमान में सरकारी कार्यालय सुबह 9:30 बजे और नगर निगम कार्यालय सुबह 9 बजे खुलते हैं। यह निर्णय पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया।



