टीआरपी डेस्क। एयर इंडिया के एक और विमान तकनीकी खराबी के चलते आपात लैंडिंग कराई गई। एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, 22 दिसंबर को दिल्ली से मुंबई जा रही फ्लाइट एआई887 में टेक-ऑफ के तुरंत बाद तकनीकी दिक्कत सामने आई, जिसके बाद स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत विमान को एहतियातन दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस उतारा गया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान का एक इंजन बंद हो गया। इसके बाद क्रू ने तत्काल निर्णय लेते हुए विमान को दिल्ली में ही लैंड कराया। दो इंजन वाले विमान एक इंजन पर भी सुरक्षित रूप से लैंड करने में सक्षम होते हैं, जिसके चलते विमान सुरक्षित वापस लौट आया और कोई हादसा नहीं हुआ। सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित विमान से बाहर आ गए।
फ्लाइट ट्रैकिंग साइट्स के अनुसार, एआई887 ने सुबह करीब 6.10 बजे दिल्ली से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी और लगभग 6.52 बजे वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कर गया।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि फ्लाइट एआई887 के क्रू ने टेक-ऑफ के तुरंत बाद तकनीकी समस्या के कारण एसओपी के तहत दिल्ली लौटने का फैसला किया। विमान सुरक्षित रूप से लैंड कर गया है और यात्रियों तथा क्रू को उतार लिया गया है। एयर इंडिया ने इस अप्रत्याशित स्थिति से हुई असुविधा के लिए यात्रियों से माफी मांगी है।
एयरलाइन के अनुसार, विमान की आवश्यक तकनीकी जांच की जा रही है। वहीं दिल्ली में एयर इंडिया की ग्राउंड टीम यात्रियों को तत्काल सहायता प्रदान कर रही है और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गई हैं।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में एयर इंडिया के विमानों में तकनीकी कारणों से आपात लैंडिंग के मामले सामने आए हैं। इससे पहले 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट 171 टेक-ऑफ के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस घटना के बाद सभी एयरलाइंस सुरक्षा पर विशेष ध्यान दे रही हैं, इसके बावजूद एयर इंडिया में तकनीकी दिक्कतों के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है।



