चित्रदुर्ग। कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। हिरियूर के पास एक लॉरी और प्राइवेट स्लीपर बस की आमने-सामने टक्कर के बाद बस में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार 12 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को हिरियूर और चित्रदुर्ग के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्राइवेट स्लीपर बस बेंगलुरु से शिवमोग्गा जा रही थी। इसी दौरान हिरियूर से बेंगलुरु की ओर जा रही एक लॉरी के चालक ने लापरवाही से डिवाइडर पार कर लिया और बस से टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते पूरी बस में फैल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्री बस के भीतर ही फंस गए।

हादसे के समय बस में कुल 32 यात्री सवार थे। आग लगने से बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस को धूं-धूं कर जलते हुए देखा जा सकता है।

See also  डिप्टी CM अज‍ित पवार ने नया NCP दफ्तर खोलकर शरद पवार को दिया बड़ा झटका

बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज अस्पताल में जारी है। वहीं बस कंडक्टर मोहम्मद सलीम को हल्की चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह सो रहे थे, तभी जोरदार आवाज के साथ खिड़की का शीशा टूट गया और वह बस से बाहर गिर पड़े। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण लॉरी चालक की लापरवाही बताया जा रहा है।