टीआरपी। Magneto Mall; : कांकेर के आमाबेड़ा में हिंदू जनजातीय समुदाय के साथ हुई घटना के विरोध में 24 दिसंबर को छत्तीसगढ़ बंद का आयोजन किया गया था। सर्व समाज के युवा मैग्नेटो मॉल पहुंचे। इस दौरान कर्मचारियों के साथ विवाद के बाद तोड़फोड़ की घटना हुई। पुलिस ने मॉल प्रबंधन अविनाश ग्रुप की शिकायत पर 7 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके विरोध में हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया और शनिवार की रात तक तेलीबांधा थाने के सामने धरना देकर हवन किया। पुलिस ने 500 लोगों को हिरासत में लेकर छोड़ दिया।
गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन
युवाओं की गिरफ्तारी से नाराज सर्व समाज के युवा बड़ी संख्या में शनिवार को तेलीबांधा थाने के सामने जमा हुए और दिनभर धरना दिया। भीड़ बढ़ने और माहौल गरमाने पर जिला प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए देर शाम करीब 500 लोगों को एहतियातन हिरासत में ले लिया। पूछताछ के लगभग दो घंटे बाद सभी को रिहा कर दिया गया। इस पर हिंदू संगठनों के सदस्यों का कहना है कि मॉल कर्मचारियों और सर्व समाज के युवाओं के बीच कहा-सुनी हुई और इसी बीच भागदौड़ के कारण मॉल में लगा क्रिसमस सजावट का सामान बिखर गया।
हमारी मंशा नुकसान पहुंचाने की नहीं
सर्व समाज और बजरंग दल के ऋषि मिश्रा ने कहा कि बंद के दौरान युवाओं की मंशा मॉल में किसी भी धार्मिक सजावट को नुकसान पहुंचाने की नहीं थी। उन्होंने कहा कि बंद का उद्देश्य आमाबेड़ा में ईसाई मिशनरियों और भीम आर्मी द्वारा हिंदू बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर हुए जानलेवा हमले के विरोध को दर्ज कराना था।
उन्होंने कहा कि सर्व समाज कांकेर के जनजातीय हिंदुओं की संस्कृति की रक्षा और पेशा एक्ट के तहत उनके स्वशासन की स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है।


