Chhattisgarh Politics: बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह मंगलवार को राजधानी रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। कांग्रेस नेता न तो तथ्य रख पा रहे हैं और न ही जनता के हित से जुड़े विषयों पर गंभीर चर्चा कर पा रहे हैं।
अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने जी-रामजी बिल का भी विरोध किया, जबकि इस विधेयक में निर्णय का अधिकार ग्राम सभा और ग्राम पंचायत को ही दिया गया है। इसके बावजूद कांग्रेस यह भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है कि सभी फैसले केंद्र सरकार करेगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि जमीनी स्तर तक जाकर लोगों को सही जानकारी दी जाए।
मनरेगा को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान विधानसभा में सिर्फ गड्ढों की चर्चा होती थी। मनरेगा में सबसे बड़े घोटाले पश्चिम बंगाल में सामने आए हैं, जो कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हैं।
कांग्रेस को जनता कर रही है खारिज
अरुण सिंह ने कहा कि सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ठोस और जमीनी स्तर पर लगातार काम कर रही है, इसके बावजूद कांग्रेस हर जनहितकारी कदम का विरोध करती है। यही कारण है कि जनता कांग्रेस को नकार रही है और पार्टी की हार का सिलसिला जारी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में असम, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में भी कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ेगा और उसे कहीं भी सम्मानजनक सीटें मिलने की संभावना नहीं दिखती। उनके मुताबिक कांग्रेस आज नेतृत्वहीन, दिशाहीन और भ्रम की स्थिति में है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का रुख पूरी तरह साफ है और हर फैसला गांव के लोग अपने गांव के हित में स्वयं लेंगे, जिससे गांवों का समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित होगा।
नक्सलवाद के खिलाफ सख्त रुख
नक्सलवाद के मुद्दे पर अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश नक्सलवाद मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नक्सल प्रभावित इलाकों को हथियार मुक्त बनाने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, विद्युतीकरण और नियद नेल्लनर योजना जैसी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर लोगों को मिल रहा है।
छत्तीसगढ़ में निवेश को मिल रही रफ्तार
अरुण सिंह ने कहा कि पहले नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का जीडीपी में योगदान नगण्य था, लेकिन अब इन इलाकों की आर्थिक भागीदारी बढ़ने लगी है। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत आने वाले समय में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार के दो वर्ष पूरे होने के साथ ही राज्य में नए निवेश आ रहे हैं और उद्योगपतियों का रुझान तेजी से बढ़ा है। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर तक पानी पहुंचाया गया है, जिससे आम लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।



