टीआरपी डेस्क। नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव लागू हो गया है। 1 जनवरी से एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों की नई समय-सारणी प्रभावी कर दी गई है, जिसके तहत कुल 63 ट्रेनों के संचालन समय में आंशिक परिवर्तन किया गया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार नई समय-सारणी में 55 एक्सप्रेस और 8 पैसेंजर ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में 5 से 25 मिनट तक का अंतर किया गया है। इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य ट्रेनों की औसत रफ्तार बढ़ाना और परिचालन समय की बचत करना है, जिससे यात्रियों को तेज और सुगम यात्रा का लाभ मिल सके।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन प्रबंधन ने बताया कि हर साल अलग-अलग रेलखंडों और स्टेशनों पर इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट का कार्य किया जाता है। इन्हीं कार्यों के चलते प्रत्येक वर्ष 1 जनवरी से नई समय-सारणी लागू की जाती है। वर्ष 2026 में भी इसी क्रम में आंशिक बदलाव किया गया है।

See also  ऐसे फूटा महादेव ऑनलाइन सट्टा गैंग...

रेलवे के मुताबिक इस संशोधित टाइम-टेबल से कई सेक्शनों पर मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में 10 से 25 मिनट तक, जबकि पैसेंजर ट्रेनों में 5 से 20 मिनट तक के परिचालन समय की बचत होगी। हालांकि अधिकांश स्टेशनों पर ट्रेनों की समय-सारणी पूर्ववत रखी गई है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले नई समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। यात्री अपने संबंधित स्टेशन, रेलवे पूछताछ केंद्र या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 1 जनवरी 2026 से लागू नई टाइमिंग की जानकारी ले सकते हैं, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

नई समय-सारणी लागू होने के बाद रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, गोंदिया, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, अनूपपुर, पेंड्रा रोड सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में बदलाव देखने को मिलेगा।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।