रायपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत जारी प्रारंभिक मतदाता सूची में रायपुर जिले से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने की स्थिति सामने आई है। सूची के अनुसार जिले में कुल 5 लाख 11 हजार 136 वोटरों के नाम कटने प्रस्तावित हैं।

आंकड़ों के मुताबिक इनमें 84 हजार 2 वोटरों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 3 लाख 87 हजार 330 वोटर जिले से बाहर अन्य स्थानों के निवासी पाए गए हैं। इन मतदाताओं से फार्म-6 भरवाए जा रहे हैं। इसके अलावा 23 हजार 180 वोटरों का अब तक पता नहीं चल सका है। वहीं 14 हजार 311 वोटर पहले से ही अन्य स्थानों पर नामांकित हैं। अन्य कारणों से 2 हजार 313 वोटरों के नाम भी कटने की सूची में हैं।

मृत मतदाताओं को छोड़कर बाकी सभी श्रेणियों के वोटरों को अभी अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का मौका दिया गया है। इसके लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित फार्म भरकर वैध दस्तावेज जमा करने होंगे।

See also  Breaking News : हाईकोर्ट ने शिक्षक और हेडमास्टर के प्रमोशन पर लगाई रोक, राज्य शासन को नोटिस जारी कर दो हफ्ते में मांगा जवाब

एसआईआर के बाद जारी प्रारंभिक प्रकाशन और जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 दिसंबर 2025 की स्थिति में रायपुर जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों और बलौदाबाजार समेत कुल आठ विधानसभा क्षेत्रों के 2484 मतदान केंद्रों में कुल 14 लाख 89 हजार 251 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 7 लाख 39 हजार 821 पुरुष, 7 लाख 49 हजार 309 महिला और 121 अन्य मतदाता शामिल हैं।

कैटेगरी-सी के वोटरों को जारी हो रहे नोटिस

एसआईआर के दौरान फार्म जमा करने वाले मतदाताओं को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है। कैटेगरी-ए में 5 लाख 28 हजार 859 वोटर शामिल हैं, जिनके नाम वर्ष 2003 की एसआईआर सूची में दर्ज थे। कैटेगरी-बी में 8 लाख 24 हजार 631 वोटर हैं, जिनके नाम 2003 की सूची में नहीं थे, लेकिन उनके माता-पिता या दादा-दादी के नाम शामिल थे।

कैटेगरी-सी में 1 लाख 35 हजार 761 वोटर रखे गए हैं। ये वे मतदाता हैं जिनका नाम न तो 2003 की सूची में था और न ही उनके माता-पिता या दादा-दादी का नाम दर्ज था। इन सभी को नोटिस जारी कर आयोग द्वारा मान्य 13 प्रमाणिक दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

See also  मप्र में 15 महीने में ही जनता का भरोसा टूटा, इसलिए मंत्री-विधायकों ने दिया इस्तीफाः डॉ. रमन

1.33 लाख वोटरों को नोटिस, 36 हजार से अधिक की तामिली

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार कैटेगरी-सी में शामिल 1 लाख 35 हजार 761 वोटरों में से 1 लाख 33 हजार 53 को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनमें से 36 हजार 422 वोटरों को नोटिस की तामिली भी कराई जा चुकी है।

अधिकारियों का कहना है कि नोटिस के साथ मतदाताओं को दस्तावेज प्रस्तुत करने की तारीख और समय दिया जा रहा है। निर्धारित समय पर प्रमाणिक दस्तावेज जमा करने वाले मतदाताओं के नाम एसआईआर सूची में जोड़े जा रहे हैं।