CG Morning News : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बालोद जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 9 बजे स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद दोपहर 12.30 बजे बालोद के लिए रवाना होकर वहां आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे बालोद में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी के समापन कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम 4.30 बजे रायपुर लौटेंगे। शाम 7 बजे वे राजधानी रायपुर में आयोजित युवारत्न सम्मान समारोह में शामिल होंगे।

बालोद में प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का आज समापन

बालोद। बालोद जिले में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का आज समापन होने जा रहा है। समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। इस अवसर पर मंत्री, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रहेगी। गौरतलब है कि जंबूरी के अंतर्गत 13 जनवरी को विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दिन ग्राम दुधली में देश-विदेश से आए लगभग 15 हजार रोवर-रेंजर एकत्रित होंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और आयोजकों द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

See also  कथित डायरी मामला: शिक्षा मंत्री ने की सीएम भूपेश बघेल से उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग

मनरेगा बचाओ संग्राम: कांग्रेस का आंदोलन जारी

मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। पार्टी ने चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तय की है, जिसके अंतर्गत 12 से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क करेंगे और मनरेगा से जुड़े मुद्दों और सरकार की नीतियों की नाकामियों को जनता के सामने रखेंगे। कार्यक्रम के अगले चरण में 30 जनवरी को वार्ड स्तर पर शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा। इसके बाद 31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिला स्तरीय मनरेगा बचाओ धरना आयोजित किया जाएगा। 7 से 15 फरवरी तक राज्य स्तरीय विधानसभा घेराव किया जाएगा। वहीं अंतिम चरण में 16 से 25 फरवरी तक क्षेत्रीय स्तर पर एआईसीसी रैलियों का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि मनरेगा के मुद्दे को लेकर यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से चलाया जाएगा।

भाजयुमो की स्वदेशी संकल्प दौड़

रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ सुबह 7 बजे आयोजित होगी, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। स्वदेशी संकल्प दौड़ सुभाष स्टेडियम से प्रारंभ होकर विवेकानंद सरोवर बूढ़ा तालाब तक आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम को लेकर आयोजकों द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

See also  लक्जरी बाइक में झारखंड से एमपी जा रहे 2 किशोरों से 2.70 लाख की ब्राउन शुगर बरामद

राष्ट्रीय युवा दिवस पर एबीवीपी का तिरंगा यात्रा

रायपुर। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।आयोजन के दौरान करीब 1000 विद्यार्थी वंदे मातरम् का सामूहिक गायन करेंगे। कार्यक्रम में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे सहित स्थानीय विधायक भी शामिल होंगे। यह आयोजन आज सुबह 11.30 बजे साइंस कॉलेज परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर आयोजकों द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

राष्ट्रीय युवा दिवस पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि कार्यक्रम

रायपुर। स्वामी विवेकानंद की जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी को नगर निगम के संस्कृति विभाग द्वारा पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे बूढ़ातालाब के मध्य नीलाभ उद्यान परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद की विशालकाय ध्यानमग्न प्रतिमा के समक्ष आयोजित होगा।

See also  बड़ी खबर : लोरमी के संदीप पाठक हो सकते है पंजाब में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार, आज नामांकन का अंतिम दिन

नगर निगम प्रशासन ने कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।