सोमवार, 28 सितंबर 2026 सोम, 28 सित॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
राष्ट्रीय

स्कूटर पर अकेला था शख्स, फिर किसका कटा हेलमेट चालान? AI कैमरे की तस्वीर ने खोला राज

Bengaluru AI Camera: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से ट्रैफिक नियमों की निगरानी में एक ऐसी गलती सामने आई है, जिसने सिस्टम की पहचान क्षमता पर सवाल खड़े कर दिए। बेंगलुरु में AI कैमरे ने स्कूटर पर पीठ से बंधे गिटार को पीछे बैठे व्यक्ति यानी पिलियन राइडर समझ लिया। इसके बाद बिना हेलमेट पिलियन राइडर के […]

AI traffic camera mistakenly identifies guitar as helmetless pillion rider in Bengaluru
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Bengaluru AI Camera: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से ट्रैफिक नियमों की निगरानी में एक ऐसी गलती सामने आई है, जिसने सिस्टम की पहचान क्षमता पर सवाल खड़े कर दिए। बेंगलुरु में AI कैमरे ने स्कूटर पर पीठ से बंधे गिटार को पीछे बैठे व्यक्ति यानी पिलियन राइडर समझ लिया। इसके बाद बिना हेलमेट पिलियन राइडर के नाम पर 500 रुपए का चालान जारी कर दिया गया।

यह मामला 15 सितंबर की दोपहर आउटर रिंग रोड का है। सौविक दत्ता अपनी पत्नी का स्कूटर चला रहे थे। उन्होंने हेलमेट पहन रखा था। उनकी पीठ पर गिटार बंधा हुआ था और स्कूटर पर उनके अलावा कोई दूसरा व्यक्ति नहीं था। इसके बावजूद ट्रैफिक सर्विलांस सिस्टम ने गिटार को पीछे बैठे व्यक्ति के तौर पर पहचान लिया। अगले दिन फोटो के सबूत के साथ चालान जारी हुआ। इसमें पिलियन राइडर के हेलमेट नहीं पहनने पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया गया।

चालान की फोटो में साफ दिखी पूरी तस्वीर

सौविक को मिले चालान में घटना की तस्वीर भी शामिल थी। फोटो में वह हेलमेट पहने दिखाई दे रहे थे। उनकी पीठ पर गिटार भी साफ नजर आ रहा था। सौविक ने इसी तस्वीर को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस से चालान रद्द करने की अपील की। चालान उनकी पत्नी के अकाउंट पर भेजा गया था।

AI ट्रैफिक सिस्टम पर किया तंज

सौविक ने अपनी पोस्ट में शहर के AI आधारित ट्रैफिक एनफोर्समेंट सिस्टम पर तंज कसा। उन्होंने AI सिस्टम से नियम उल्लंघन की पहचान की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए चालान की तस्वीर भी साझा की। बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने दिसंबर 2022 में AI आधारित सर्विलांस सिस्टम अपनाया था। दी गई जानकारी के मुताबिक यह सिस्टम बैकएंड पर बिना इंसानी जांच-पड़ताल के काम कर रहा था।

पुलिस ने चालान ठीक कराने का बताया तरीका

सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने जवाब दिया। आधिकारिक अकाउंट से सौविक को चालान में सुधार कराने के लिए [email protected] पर ईमेल करने या 080-22943381 और 080-22942883 पर संपर्क करने को कहा गया।

Rverma
लेखक / पत्रकार:

Rverma

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन