रायपुर। राजधानी रायपुर में तेलीबांधा क्षेत्र में स्थित बेबीलॉन केपिटल में बने गोदाम से लाखों रूपये की दवा चोरी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दवा एजेंसी के ही पुराने स्टाफ ने डुप्लीकेट चाबी से गोदाम का ताला खोलकर चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया है। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

तेलीबांधा क्षेत्र स्थित बेबीलाॅन केपिटल में च्यवन आयुर्वेदा हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड का गोदाम स्थित है। इस गोदाम से लाखों रूपये के दवा चोरी की जानकारी के बाद हड़कंप मच गया है। गोदाम के स्टोर कीपर खगेंद्र साहू ने पुलिस को बताया कि वो च्यवन आयुर्वेदा हेल्थ केयर प्राईवेट लिमिटेड नामक व्यवसायिक फर्म में पिछले तीन साल से कार्यरत है। फर्म का गोदाम बेबीलॉन केपिटल के 7वें फ्लोर में बना हुआ है। दवा की एंट्री कर वो प्रदेश भर में सप्लाई करवाता है।

See also  प्रदेश में पीसीसी चीफ मरकाम ने की तिरंगा यात्रा की शुरुआत, कोंडागांव से शुरू की पदयात्रा

सीसीटीवी में पुराना नौकर दवा ले जाते नजर आया

बीते 4 जनवरी को गोदाम में दवा स्टॉक कम दिखने पर उसने स्टॉक की जांच की, तो 20 लाख रुपए की दवाएं मौके पर कम मिलीं। इसके बाद गोदाम और बेबीलॉन केपिटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गयी। जांच में पाया कि गोदाम के पूर्व कर्मचारी एक अन्य व्यक्ति के साथ गोदाम से दवा निकालकर जाता हुआ दिखा। सीसीटीवी फुटेज के साथ स्टोर कीपर ने तेलीबांधा पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस ने चोरी के इस मामले में अपराध दर्ज कर दोनों लोगों की तलाश शुरू कर दी है।