टीआरपी डेस्क। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लोकसभा में बजट 2026 पेश किए जाने के बाद आज सोमवार को संसद में इस पर आम चर्चा शुरू होगी। संसदीय प्रक्रिया के तहत बजट सत्र के इस महत्वपूर्ण चरण में सदस्य बजट के विभिन्न पहलुओं और ढांचे पर बहस करेंगे। इसके बाद आने वाले दिनों में विभिन्न मंत्रालयों की अनुदान मांगों पर विस्तृत चर्चा और मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

विपक्ष के नेता राहुल गांधी इस चर्चा के दौरान सदन में मोर्चा संभाल सकते हैं। रविवार को बजट पेश होने के बाद संसद परिसर में जब पत्रकारों ने राहुल गांधी से बजट पर उनकी राय जाननी चाही, तो उन्होंने तुरंत कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया था। राहुल गांधी ने मीडिया से कहा कि वह बजट के संबंध में अपनी बात सोमवार को संसद के पटल पर रखेंगे। उनके साथ कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं।

हालांकि, संसद के बाहर राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने केंद्र सरकार पर देश के वास्तविक मुद्दों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने लिखा कि इस बजट में युवाओं की बेरोजगारी, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में गिरावट और किसानों की परेशानियों जैसे संकटों पर ध्यान नहीं दिया गया है। उन्होंने बजट को सुधार की दिशा में विफल बताते हुए कहा कि इसमें निवेशकों की निकासी और घटती घरेलू बचत जैसी गंभीर चुनौतियों की अनदेखी की गई है।

See also  Missile attack on oil tanker in Red Sea: लाल सागर में भारत आ रहे तेल टैंकर पर मिसाइल अटैक, यमन के हूती विद्रोही संगठन ने ली जिम्मेदारी