रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल (CGBSE) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों के लिए हेल्पलाइन सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। यह हेल्पलाइन 5 फरवरी से सक्रिय होगी, जिसके माध्यम से परीक्षार्थी अपनी पढ़ाई और परीक्षा से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

मण्डल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह हेल्पलाइन सेवा 5 फरवरी से प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी। छात्र, अभिभावक और शिक्षक टोल-फ्री नंबर 1800-233-4363 पर कॉल कर मार्गदर्शन ले सकेंगे।

हेल्पलाइन का पहला चरण 5 फरवरी से 18 फरवरी 2026 तक रहेगा। इस दौरान अंग्रेजी, गणित, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, जीव-विज्ञान सहित अन्य विषयों के विशेषज्ञ विद्यार्थियों के सवालों का समाधान करेंगे। इसके साथ ही परीक्षा को लेकर बढ़ते तनाव और मानसिक दबाव को कम करने के लिए मनोवैज्ञानिक और काउंसलर भी उपलब्ध रहेंगे, जो कार्यालयीन समय में परामर्श देंगे।

हेल्पलाइन सेवा का दूसरा चरण 19 फरवरी से 17 मार्च 2026 तक चलेगा। इस चरण में विषय विशेषज्ञों के साथ-साथ मण्डल के अधिकारी भी परीक्षा से संबंधित प्रक्रियात्मक और अन्य समस्याओं का निराकरण करेंगे।

See also  ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सकारात्मक बदलाव ला रहीं है समूह की दीदियां