रायपुर। छत्तीसगढ़ के निजी स्कूलों के लिए बड़ी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने पहली से चौथी, 6वीं-7वीं और 9वीं-11वीं की परीक्षा व्यवस्था को लेकर जारी अपने पिछले आदेश में बड़ा संशोधन किया है। नए आदेश के अनुसार, रायपुर सहित पूरे प्रदेश के निजी स्कूल अब पूर्व की भांति अपनी लोकल कक्षाओं की परीक्षाएं स्वयं आयोजित कर सकेंगे।

संशोधित आदेश: किसके लिए क्या नियम?
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी संशोधित पत्र के बाद अब व्यवस्था पूरी तरह साफ हो गई है:
- निजी स्कूल: अपनी स्थानीय कक्षाओं (पहली से चौथी, 6वीं-7वीं, 9वीं और 11वीं) की परीक्षाएं खुद आयोजित और मूल्यांकित करेंगे।
- शासकीय एवं आत्मानंद स्कूल: सरकारी स्कूलों और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की परीक्षाओं की पूरी जिम्मेदारी पूर्ववत जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) की ही रहेगी।
आदेश का क्यों हो रहा था विरोध?
छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने इस आदेश को रद्द करने की पुरजोर मांग की थी। एसोसिएशन के अध्यक्ष का तर्क था कि निजी स्कूल कई ऐसे अतिरिक्त विषय भी पढ़ाते हैं जो सरकारी पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं होते। ऐसे में विभाग द्वारा परीक्षा कराने पर मूल्यांकन और विषयों की स्पष्टता को लेकर भारी समस्या उत्पन्न हो रही थी। निजी स्कूलों ने इसे ‘मानसिक दबाव’ करार दिया था, जिसके बाद विभाग ने अपनी नीति में बदलाव किया है।
पहले जारी हुआ था ये पत्र



