टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में मौसम के दोहरे तेवर देखने को मिल रहे हैं। प्रदेश में नमीयुक्त हवाओं की सक्रियता बढ़ने से दिन और रात के तापमान में भारी अंतर (Diurnal Variation) आ गया है। आलम यह है कि राजधानी रायपुर में दिन का तापमान रात के मुकाबले दोगुना दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 7 दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा और किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

दिन और रात के तापमान में 15 से 16 डिग्री का यह बड़ा अंतर सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। दोपहर की तेज धूप और रात की हल्की ठंड से लोग सर्दी-खांसी और मौसमी बुखार की चपेट में आ रहे हैं। किसानों के लिए शुष्क मौसम फसलों की कटाई के लिहाज से अनुकूल बना हुआ है।

रायपुर में सबसे गर्म दिन, अंबिकापुर में ठंडी रात


पिछले 24 घंटों में रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहाँ अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके उलट, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और जगदलपुर जैसे शहरों में दिन का पारा सामान्य से 2 डिग्री अधिक बना हुआ है।

See also  कोहरे की चपेट में कई जिले, मौसम विभाग का अलर्ट, दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना

क्या कह रहे हैं मौसम वैज्ञानिक?


मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) मध्य और उपरि क्षोभमंडल में 77 डिग्री पूर्व और 30 डिग्री उत्तर में स्थित है। इसके प्रभाव से प्रदेश में हवाओं की दिशा में बदलाव आया है।

रायपुर का हाल


राजधानी रायपुर में गुरुवार सुबह हल्की धुंध (Haze) देखी गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दोपहर में कड़ी धूप के कारण गर्मी का अहसास बढ़ेगा, जबकि शाम होते ही पारा गिरने से मौसम सुहावना हो जाएगा।