टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई छिटपुट बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग के ताजा संकेतों के मुताबिक, प्रदेश में अब गर्मी का असर तेजी से बढ़ेगा और आने वाले दिनों में लोगों को भीषण तपिश का सामना करना पड़ेगा।

अगले 5 दिनों में 5 डिग्री तक तापमान बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब प्रदेश में बारिश कराने वाला सिस्टम कमजोर पड़ चुका है। अगले 5 दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। पूरे प्रदेश में अब ड्राई वेदर यानी शुष्क मौसम रहने की संभावना है, जिससे दोपहर की धूप काफी चुभने वाली होगी।

कोंडागांव में शिमला जैसा नजारा, फसलों को नुकसान

दो दिन पहले बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले में कुदरत का अनोखा रूप देखने को मिला। जिले के बड़ेराजपुर विकासखंड के टेवंसा, छोटेराजपुर और पाडोकी गांवों में जमकर ओलावृष्टि हुई। खेतों और सड़कों पर ओलों की इतनी मोटी परत जम गई कि नजारा शिमला-मनाली जैसा लगने लगा। इस ओलावृष्टि से रबी की फसलों और सब्जियों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसान चिंतित हैं।

See also  Chhattisgarh Politics : कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ले रहे पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक, कई मुद्दों पर हो रहा मंथन, देर रात तक चलेगा बैठकों का दौर

कहां कितनी रही ठंड और गर्मी?

बीते 24 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान का भारी अंतर देखा गया। उत्तर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 12.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा। दुर्ग जिले में दोपहर की गर्मी सबसे ज्यादा रही, जहां अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुकमा जिले के गादीरास में 10 MM बारिश दर्ज की गई है।

रायपुर में अब बढ़ेगी तपिश

राजधानी रायपुर में भी अब बादलों की आवाजाही कम होगी और आसमान साफ रहेगा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए फिलहाल कोई चेतावनी (Alert) जारी नहीं की है, लेकिन बढ़ते तापमान को देखते हुए दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।