रायपुर। कुलाधिपति रमेन डेका ने प्रदेश के दो विश्वविद्यालयों में न‌ए कुलपतियों की नियुक्ति की है। इस संबंध में जारी आदेश के मुताबिक प्रोफेसर डॉ. ललित प्रकाश पटेरिया को अटल बिहारी बाजपेई विश्वविद्यालय बिलासपुर का नया कुलपति नियुक्त किया गया है।

इसी तरह रायगढ़ के शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय में रिक्त हुए कुलपति के पद पर प्रोफेसर विनय चौहान की नियुक्ति की गई है। प्रोफेसर चौहान वर्तमान में जम्मू एंड कश्मीर यूनिवर्सिटी के ‘डायरेक्टर बिजनेस स्कूल’ के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा और प्रबंधन के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव का लाभ अब छत्तीसगढ़ के रायगढ़ अंचल के विद्यार्थियों को मिलेगा। लोकभवन ने आदेश जारी कर दिया है।

जानिए डॉ ललित पटेरिया के बारे में

प्रोफेसर (डॉ.) ललित प्रकाश पटेरिया की 32 से अधिक वर्षों की शैक्षणिक यात्रा वर्ष 1988 में शुरू हुई, जब वे बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी (उत्तर प्रदेश) के व्यावसायिक प्रशासन विभाग में ‘एकेडमिक एसोसिएट’ के रूप में शामिल हुए। बाद में, वर्ष 1989 में वे गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (अब एक केंद्रीय विश्वविद्यालय), बिलासपुर, छत्तीसगढ़ (तत्कालीन मध्य प्रदेश) के प्रबंधन अध्ययन विभाग में व्याख्याता के रूप में शामिल हुए और क्रमशः वरिष्ठ वेतनमान व्याख्याता, रीडर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के रूप में पदोन्नत हुए।

See also  श्रद्धालुओं के लिए बनेगा छठ घाट, वित मंत्री ने की 15 लाख की घोषणा

वे गणित में स्नातकोत्तर, व्यावसायिक प्रशासन में स्नातकोत्तर, कानून में स्नातक और व्यावसायिक प्रशासन में डॉक्टरेट हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों में पर्यटन शिक्षा पर ‘एडवांस कोर्स’ भी पूरा किया है।