भोपाल/दिल्ली। मध्य प्रदेश भाजपा में नई कोर कमेटी को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। प्रदेश संगठन ने 22 कद्दावर नेताओं के नामों का पैनल तैयार कर अंतिम मुहर के लिए दिल्ली हाईकमान को भेज दिया है। बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल को होने वाली पहली बड़ी बैठक से पहले इन नामों का आधिकारिक ऐलान हो सकता है।
दिल्ली में मन्थन, इन चेहरों पर दांव
दरअसल, मध्य प्रदेश की राजनीति में यह सूची काफी मायने रखती है क्योंकि इसमें पुराने दिग्गजों के साथ-साथ नए समीकरणों को साधने की कोशिश की गई है। इस बार कोर कमेटी में केंद्रीय मंत्रियों का दबदबा रहने वाला है। खासकर शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया की भूमिका को लेकर गलियारों में काफी चर्चा है।
इन दिग्गजों के नाम भेजे गए दिल्ली
दिल्ली भेजे गए 22 नामों के पैनल में सत्ता और संगठन के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। सूची में शामिल प्रमुख नाम इस प्रकार हैं
केंद्रीय नेतृत्व: शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेंद्र खटीक, सावित्री ठाकुर और दुर्गादास उइके
राज्य सरकार का चेहरा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय।
अनुभवी नेता: प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, विजय शाह, इंदर सिंह परमार और गोपाल भार्गव।
संगठन और अन्य: निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा (VD शर्मा), रीति पाठक, लाल सिंह आर्य, सत्यनारायण जटिया और नरोत्तम मिश्रा।
प्रभारी और संगठन महामंत्री: अजय जमवाल, महेंद्र सिंह, शिव प्रकाश और नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल।
शिवराज-सिंधिया का बढ़ेगा कद, नए चेहरों को भी जगह
गौरतलब है कि इस नई लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया का कद और बढ़ना तय माना जा रहा है। वहीं, वीडी शर्मा और विधायक रीति पाठक की मौजूदगी यह इशारा कर रही है कि पार्टी युवाओं और महिला नेतृत्व को कोर डिसीजन मेकिंग बॉडी में रखना चाहती है। दरअसल, 14 अप्रैल को कोर कमेटी की पहली औपचारिक बैठक रखी गई है, जिससे पहले इन नामों पर दिल्ली से हरी झंडी मिलना बाकी है।



