छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना के सामने चल रहे कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन ने अब एक नया और बेहद संवेदनशील मोड़ ले लिया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने पुलिस प्रशासन के रवैये पर गहरी नाराजगी जताते हुए एलान किया है कि यदि 26 मई की शाम 6 बजे तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे वहीं थाने के सामने भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।

जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर आर्म्स एक्ट की कार्रवाई के खिलाफ फूटा गुस्सा

पूरा मामला शिवनन्दनपुर नगर पंचायत चुनाव के दौरान हुए एक विवाद से जुड़ा हुआ है। सूरजपुर जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ पुलिस द्वारा की गई आर्म्स एक्ट की कार्रवाई को पूरी तरह राजनीति से प्रेरित बताते हुए इसे निरस्त करने की मांग की जा रही है। इसी सिलसिले में 25 मई को प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में सूरजपुर जिला कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी विश्रामपुर थाने पहुंचे थे। जब स्थानीय पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस की इन जायज मांगों को पूरी तरह अनसुना कर दिया, तो आक्रोशित कांग्रेसी थाने के सामने ही अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।

See also  चंद्रयान 3 को चांद तक पहुंचाने में छत्तीसगढ़ के विकास श्रीवास की रही अहम भूमिका

कांग्रेस का गंभीर आरोप है कि नरेंद्र जैन के घर पर जाकर जानबूझकर विवाद खड़ा करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के विरुद्ध बार-बार शिकायत और मांग के बाद भी पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है। इस पक्षपातपूर्ण रवैये के खिलाफ सोमवार की रात 2:30 बजे तक स्वयं टीएस सिंहदेव और दीपक बैज धरना स्थल पर डटे रहे। मंगलवार सुबह 11 बजे से दोबारा विश्रामपुर थाने के सामने मोर्चा खोल दिया गया है। टीएस सिंहदेव ने स्पष्ट किया है कि मंगलवार को वैसे भी सूर्यास्त तक उनका नियमित उपवास रहता है, लेकिन यदि शाम 6:00 बजे तक प्रशासन का अड़ियल रवैया जारी रहा, तो वे इस उपवास को आधिकारिक तौर पर भूख हड़ताल में तब्दील कर देंगे।