टीआरपी डेस्क। सोशल मीडिया पर आजकल एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसमें गाड़ी के पेट्रोल टैंक के पास ढेर सारी चींटियां दिखाई दे रही हैं। लोगों का दावा है कि ये सब E20 पेट्रोल की वजह से हो रहा है। लोगों का कहना है कि पेट्रोल में 20% इथेनॉल है, जो गन्ने से बनता है। इसलिए इसमें मिठास है और चींटियां खिंची चली आ रही हैं।
कंपनी ने बताया- सब अफवाह है
भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने इस मामले को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। कंपनी ने सोशल मीडिया पर चल रही इन बातों को पूरी तरह से भ्रामक और गलत बताया है। सूत्रों के मुताबिक, बीपीसीएल ने साफ कहा है कि इस दावे का वैज्ञानिक आधार जीरो है।
क्यों नहीं आती चींटियां?
इथेनॉल को ईंधन के लायक बनाने के लिए एक लंबी और जटिल प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है।
- मिठास खत्म: फर्मेंटेशन और डिस्टिलेशन के बाद गन्ने या अनाज की सारी मिठास खत्म हो जाती है।
- डिनैट्यूरेंट्स का कमाल: इसमें कुछ ऐसे तत्व मिलाए जाते हैं जो कीड़े-मकोड़ों को पास नहीं आने देते।
- पेट्रोल की गंध: पेट्रोल की तीखी महक इतनी तेज होती है कि चींटियां इसके करीब भी नहीं फटकतीं।
गंदगी और नमी है असली वजह
वैज्ञानिक तौर पर E20 पेट्रोल में वाष्प (वेपर) कम बनता है। ऐसे में टैंक से ईंधन उड़ने का चांस ही नहीं होता। असल में चींटियां तब आती हैं जब गाड़ी के फ्यूल कैप के पास गंदगी हो या वहां कुछ मीठा गिर गया हो।
होता यह है कि हम लोग बिना सोचे-समझे वायरल वीडियो पर यकीन कर लेते हैं। बीपीसीएल ने सलाह दी है कि ऐसी बातों पर ध्यान न दें। अपनी गाड़ी के टैंक के पास सफाई रखें, चींटियां खुद-बखुद दूर हो जाएंगी।
सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी तकनीकी बात को आंख मूंदकर शेयर करने से बचें। बेहतर है कि अपनी गाड़ी की समय पर सर्विस करवाएं और छोटी-मोटी नमी या गंदगी को साफ करते रहें।



