रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित चावल घोटाला मामले में कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल आखिरकार EOW के सामने पेश हुए। पिछले करीब 3 साल से फरार चल रहे रामगोपाल अग्रवाल को EOW ने समन जारी किया था, वहीं बीते दो दिनों से उनके बेटे वैभव से EOW पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि बेटे से लगातार हो रही पूछताछ के चलते ही रामगोपाल अग्रवाल खुद प्रकट हुए और एसीबी के दफ्तर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि उनसे चावल घोटाले और अन्य मामलों में पूछताछ की जा रही है।
3 साल बाद EOW के सामने पेश हुए रामगोपाल
जांच एजेंसियों के अनुसार रामगोपाल अग्रवाल चावल घोटाले और कस्टम मिलिंग मामले में आरोपी हैं और पिछले तीन साल से फरार चल रहे थे। समन मिलने के बाद उन्होंने EOW कार्यालय में उपस्थिति दर्ज कराई। EOW अब उनसे पूरे मामले में पूछताछ कर रही है।
एक दिन पहले बेटे वैभव से शुरू हुई पूछताछ
दरअसल रामगोपाल के EOW दफ्तर पहुंचने से एक दिन पहले जांच एजेंसी ने उनके बेटे वैभव अग्रवाल से भी कई घंटों तक पूछताछ की। रात को उन्हें घर जाने दिया गया और फिर अगली सुबह उन्हें दोबारा तलब किया गया।
वैभव से पूछताछ के बाद ही रामगोपाल का समन के जवाब में पेश होना जांच में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
क्या है चावल घोटाला मामला..?
यह मामला छत्तीसगढ़ में कस्टम मिलिंग और चावल खरीदी से जुड़े घोटाले से संबंधित है। इस मामले में EOW लंबे समय से इन मामलों की जांच कर रही है।
रामगोपाल अग्रवाल कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष हैं। उनके पेश होने के बाद अब जांच को नई दिशा मिलने की संभावना है।


