FIH Hockey World Cup 2026: एम्सटेलवीन। नीदरलैंड और बेल्जियम में शुरू हुए हॉकी विश्वकप 2026 में भारतीय महिला टीम ने शानदार शुरुआत की। पूल डी के पहले मुकाबले में भारत ने पेरिस ओलंपिक की रजत पदक विजेता चीन को 2-2 की बराबरी पर रोक दिया। भारतीय टीम ने मैच के बड़े हिस्से में बढ़त बनाए रखी और आखिरी मिनटों में चीन के लगातार हमलों का मजबूती से सामना किया।
भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। आठवें मिनट में नवनीत कौर ने फील्ड गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि चीन ने पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया, जिसे झांग यिंग ने गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में भारत ने एक बार फिर बढ़त हासिल की। 25वें मिनट में दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने करीब 14 मिनट तक अपनी बढ़त कायम रखी।
तीसरे क्वार्टर के 39वें मिनट में चीन ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए बराबरी कर ली। इसके बाद चीन ने बढ़त हासिल करने के लिए लगातार दबाव बनाया और तीन पेनल्टी कॉर्नर भी हासिल किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसके सभी प्रयासों को नाकाम कर दिया। आखिरी सीटी बजने तक स्कोर 2-2 रहा। इस ड्रॉ के साथ भारत और चीन को एक-एक अंक मिला। पूल डी में इंग्लैंड शीर्ष पर है, जबकि चीन दूसरे और भारत तीसरे स्थान पर है।
चीन के खिलाफ ड्रॉ क्यों खास
भारत के लिए यह नतीजा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि चीन पेरिस ओलंपिक 2024 की रजत पदक विजेता टीम है। चीन ने 2023 एशियाई खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता था। इसके विपरीत भारतीय महिला टीम पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी थी। ऐसे में विश्व की मजबूत टीमों में शामिल चीन के खिलाफ भारत का ड्रॉ आत्मविश्वास बढ़ाने वाला परिणाम माना जा रहा है।
अगला मुकाबला 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका से
भारतीय महिला टीम अब 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना अगला पूल मुकाबला खेलेगी। दक्षिण अफ्रीका को अपने पहले मैच में इंग्लैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा है।
इससे पहले भारतीय पुरुष टीम ने भी विश्वकप में जीत के साथ आगाज किया। पुरुष टीम ने अपने पहले पूल मुकाबले में वेल्स को 3-1 से हराकर अभियान की शानदार शुरुआत की।


