BJP MLA Ajay Chandrakar comments on Bhupesh Baghel and Jharkhand student protest
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने झारखंड छात्र आंदोलन और वंदे मातरम विवाद को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए।

Jharkhand Students Protest: झारखंड में छात्रों के आंदोलन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कथित चुप्पी पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल हवा चलने, पानी गिरने और धूप को लेकर भी जांच की मांग कर सकते हैं, लेकिन झारखंड के छात्रों के आंदोलन पर नहीं बोल सकते। चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा कि अगर भूपेश बघेल जूता चोरी होने के डर से झारखंड नहीं जा रहे हैं, तो उन्हें नया जूता दे दिया जाएगा।

अजय चंद्राकर ने इसके साथ ही वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दर्ज FIR का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राष्ट्रीय पर्व का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।

देश का विरोध करने वालों पर अजय चंद्राकर का हमला

स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैचारिक नक्सलवाद को लेकर दिए बयान का जिक्र करते हुए अजय चंद्राकर ने कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के विरोध की कथित घटना पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के सम्मान और देशभक्ति से जुड़ी चीजों का विरोध करना नक्सली मानसिकता का एक रूप है। उनके अनुसार ऐसे लोगों को राष्ट्र और राज्य की व्यवस्था पर भरोसा नहीं है और वे अपने एजेंडे को लागू करना चाहते हैं। चंद्राकर ने कहा, जो देश का विरोध करते हैं, वो नक्सलाइट हैं।

See also  Under 19 World Cup: लगातार 10वीं बार अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची भारतीय टीम, अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया

वंदे मातरम विवाद पर उच्चस्तरीय जांच की मांग

कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में वंदे मातरम के गायन को कथित तौर पर रोकने को लेकर उठे विवाद पर भी अजय चंद्राकर ने कांग्रेस से सवाल किए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं के कारण ही विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। चंद्राकर ने वंदे मातरम को राष्ट्र की अस्मिता और देशभक्ति का प्रतीक बताया और आरोप लगाया कि तुष्टिकरण के लिए इसका अपमान किया गया। उन्होंने कांग्रेस के उस कथित स्पष्टीकरण पर भी सवाल उठाया कि मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए कुर्सी मंगाई जा रही थी। चंद्राकर ने कहा कि यदि राष्ट्रीय गीत का पूरा गायन हुआ था तो उसे देश की जनता के सामने प्रस्तुत किया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस नेताओं पर FIR का दावा

सोशल मीडिया पर वायरल भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के कथित वीडियो को लेकर धमतरी में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दर्ज FIR पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। चंद्राकर के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सुप्रिया श्रीनेत, पवन खेड़ा समेत अन्य नेताओं के खिलाफ धमतरी में भाजपा पदाधिकारियों ने FIR दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राष्ट्रीय पर्व का राजनीतिक इस्तेमाल किया है। चंद्राकर ने कहा कि इसके लिए जिम्मेदार नेताओं के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग भी की।

See also  घर बैठे धान विक्रय का नया दौर: तुंहर टोकन ऐप से किसानों को मिली बड़ी राहत,मोबाइल से काट रहे टोकन

पुराने वीडियो को 15 अगस्त से जोड़कर प्रचारित करने का आरोप

अजय चंद्राकर ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर वायरल किया गया वीडियो कुरुद के प्रशिक्षण शिविर का पुराना वीडियो है। उनके अनुसार इस वीडियो को 15 अगस्त के कार्यक्रम से जोड़कर प्रचारित किया गया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष धमतरी में शासन की ओर से उन्हें ध्वजारोहण कार्यक्रम में अतिथि बनाया गया था और वहां पूरे प्रोटोकॉल के तहत ध्वजारोहण हुआ। चंद्राकर ने कहा कि वीडियो की सच्चाई प्रशासन से सत्यापित की जा सकती थी, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने इसे देशभर में वायरल किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास जनहित का कोई मुद्दा नहीं बचा है और ऐसी राजनीति को जनता स्वीकार नहीं करेगी।