दिल्ली/रायपुर। आम आदमी पार्टी (AAP) ने छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन महासचिव डॉ. संदीप पाठक को छत्तीसगढ़ का नया प्रभारी नियुक्त किया है। संदीप पाठक जल्द ही प्रदेश का दौरा करेंगे और पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर पार्टी की मजबूत करने को लेकर दिशानिर्देश जारी करेंगे।

केजरीवाल के आवास पर हुई अहम बैठक

शुक्रवार को दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों के लिए बड़े संगठनात्मक फैसले लिए गए। दिल्ली, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, गोवा और गुजरात में भी पार्टी ने नए प्रभारियों की नियुक्ति की है।

छत्तीसगढ़ में AAP की पकड़ मजबूत करने की तैयारी

AAP छत्तीसगढ़ में खुद को एक मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित करना चाहती है। हाल ही में हुए निकाय और पंचायत चुनावों में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया था, जिसके मद्देनजर संगठन को और धार देने के लिए संदीप पाठक को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

See also  Rajya Sabha By Election : AAP की औद्योगिक संतुलन साधने की रणनीति, राजिंदर गुप्ता को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार!

इसके अलावा AAP ने सौरभ भारद्वाज को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। जबकि महराज मालिक को जम्मू कश्मीर AAP का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। मनीष सिसोदिया को पंजाब AAP का प्रभारी और गोपाल राय को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया है। कुल मिलाकर 4 राज्यों में प्रभारी की नियुक्ति की गई है और 2 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष की मंजूरी दी गई है।