कोरबा। मेडिकल काॅलेज के हाॅस्टल के कमरे में लाश मिलने से खलबली मच गई। मृतक मेडिकल काॅलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष में पढ़ाई कर रहा था। आज उसकी परीक्षा भी थी।

पुलिस के मुताबिक मृतक छात्र हिमांशु कश्यप बिलासपुर का रहने वाला था और कोरबा मेडिकल काॅलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष में अध्ययनरत था। बताया जा रहा है कि आज प्रथम वर्ष के छात्रों की परीक्षा थी। हिमांशु जब परीक्षा में शामिल नहीं हुआ तो कॉलेज के अन्य छात्र हिमांशु का हाल चाल जानने उसके रूम पहुंचे। इस दौरान हिमांशु के रूम का दरवाजा अंदर से बंद था। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन को इसकी जानकारी दी और हिमांशु के कमरे का दरवाजा खुलवाया गया।

छात्रों ने कमरे के अंदर देखा तो हिमांशु की लाश पंखे से बंधे फंदे पर लटक रही थी। छात्रों ने तत्काल इसकी जानकारी सिविल लाइन पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

See also  हल्ला बोल…सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक होगी भाषणबाजी, फिर करेंगे सीएम हाउस कूच

मेडिकल काॅलेज के प्रबंधन ने बताया कि मृतक हिमांशु एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र था। आज उसकी परीक्षा चल रही थी। ऐसे में उसकी लाश हाॅस्टल के कमरे में मिली। घटना की जानकारी पुलिस ने मृतक के परिजनों को दे दी है।

नहीं मिला सुसाइड नोट

पुलिस ने बताया कि शव के पास से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल छात्र ने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन बिलासपुर से कोरबा पहुंचे है। बेटे की मौत से परिजन काफी सदमे में हैं।