कोरबा। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के फेसबुक पोस्ट को लेकर हुई तनातनी के बीच इस घटनाक्रम के केन्द्रबिंदु रहे पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात के दौरान हुए घटनाक्रम की जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा है कि आधी-अधूरी बातों का बतंगड़ बनाया जा रहा है जबकि उनके सम्मान में कहीं भी कोई भी कमी नहीं रही। ननकी राम कंवर ने महामहिम राज्यपाल से भेंट मुलाकात से जुड़ी पृथक तरह की खबर की सच्चाई पर प्रकाश डाला है।

क्या है पूरा मामला?

ननकी राम कंवर ने बताया कि जब वे राज्यपाल से मिलने कावेरी विहार एनटीपीसी गेस्ट हाउस पहुंचे, तो राज्यपाल ने अपने स्टाफ को भेजकर उन्हें तत्काल अपने कक्ष में बुलाया और सम्मानपूर्वक बैठने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के सामने वाले सोफा में अपने सहयोगी कार्यकर्ता के साथ बैठा हुआ था और सामने सेंटर टेबल था। जब उन्होंने अपना शिकायत पत्र राज्यपाल को देने के लिए अपने सोफे से उठकर राज्यपाल के हाथ में दिया, तो फोटो खींचा गया।

क्या कहा ननकी राम कंवर ने..?

ननकी राम कंवर ने कहा कि अब तस्वीर का किसने कैसा और क्या आशय, किस मकसद से लिया, उस पर मैं क्या कहूं। राज्यपाल के साथ कौन बैठ सकता है, कौन नहीं, यह प्रोटोकॉल का विषय है। उन्होंने कहा कि उनका किसी भी प्रकार का अपमान राज्यपाल के द्वारा नहीं किया गया है और न ही उनकी कोई टीका-टिप्पणी हुई है। उन्होंने राज्यपाल को साधुवाद दिया है कि उन्होंने कोरबा भ्रमण पर अपना कीमती समय निकालकर उनकी बात सुनने के लिए समय दिए।

राज्यपाल से किसलिए की मुलाकात..?

ननकी राम कंवर ने बताया कि उन्होंने कोरबा में प्रशासनिक कारणों से जो भी समस्या आ रही है, उस संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने उनकी बात सुनी और उन्हें आश्वस्त किया कि वे उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए काम करेंगे ।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के फेसबुक पोस्ट
से उठा विवाद

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने अपने फेसबुक प्रोफ़ाइल में 14 जुलाई 2025 को एक फोटो पोस्ट करते हुए लिखा “छत्तीसगढ़ के वरिष्ठतम आदिवासी नेता का अपमान बहुत ही कष्टप्रद है । छत्तीसगढ़ के वरिष्ठतम आदिवासी नेता,पूर्व मंत्री श्री ननकी राम कंवर खड़े है। जबकि महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका जी के साथ कलेक्टर अजीत वसंत बैठे हुए हैं।यह जान और सुनकर अत्यंत पीड़ा हुई।”

कलेक्टर ने दिया पोस्ट डिलीट करने का निर्देश

कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत के द्वारा पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को पोस्ट डिलीट करने हेतु नोटिस जारी किया गया है गया है। दुर्भावना पूर्ण तरीके से फोटोग्राफ्स को प्रचारित प्रसारित करने के मामले में यह नोटिस जारी करते हुए पोस्ट नहीं हटाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई हैं।