जांजगीर-चांपा। मारपीट के एक मामले में कार्रवाई करने की बजाय दबाव बनाकर समझौता कराने के आरोप में उप निरीक्षक (SI) को एसपी ने निलंबित कर दिया है। निलंबन आदेश में एसपी ने इस आरोप का उल्लेख करते हुए कड़ी कार्रवाई की और अपने महकमे को इस तरह की मनमानी से बचने के लिए सचेत कर दिया है।
यह मामला 27 मार्च 2026 की रात का है, जब आवेदक ग्राम रोगदा निवासी प्रकाश नैरोसे मारपीट की शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू ने मामले में FIR दर्ज करने की बजाय दोनों पक्षों पर दबाव बनाकर समझौता करा दिया।
दरअसल पीड़ित पक्ष ने इस मामले की शिकायत पुलिस कप्तान से की थी और बताया था कि उनके न चाहते हुए भी सब इंस्पेक्टर ने जबरिया दबाव बनाकर समझौता करा दिया।
इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने SI कृष्ण कुमार साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही मामले की प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं और 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और थानों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।



