टीआरपी डेस्क। Bus accident update : छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा पर ओरसा घाट में हुए सड़क हादसे में मृतकों की संख्या 10 हो गई है। मृतकों में 5 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। इस दुर्घटना में कुल 78 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 19 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को झारखंड के गुमला, लातेहार और रांची के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा रविवार को झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र में हुआ, जो छत्तीसगढ़ सीमा से करीब 7 किलोमीटर दूर स्थित है। जानकारी के अनुसार, ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल की बस में कुल 87 लोग सवार थे। सभी यात्री छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के ग्राम पीपरसोत, महाराजगंज, झपरा और बुद्धीडीह से झारखंड के लोधगांव में आयोजित सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
हादसा उस समय हुआ जब बस ओरसा बंगलादारा घाटी से गुजर रही थी। ढलान पर पहुंचते ही बस का ब्रेक अचानक फेल हो गया। तेज रफ्तार बस पीडब्ल्यूडी द्वारा लगाए गए रोड सेफ्टी गार्ड को तोड़ते हुए एक पेड़ से टकराई और करीब 20 फीट नीचे गिरकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
बस चालक विकास पाठक ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले ही उन्हें ब्रेक फेल होने का अहसास हो गया था। स्थिति को संभालने के लिए उन्होंने हैंड ब्रेक लगाया और इंजन बंद करने की कोशिश भी की, लेकिन ढलान के कारण बस पर नियंत्रण नहीं रखा जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयानक था कि कई यात्री सीटों और बस के लोहे के ढांचे के बीच फंस गए, जबकि कुछ लोग उछलकर सड़क किनारे जा गिरे।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। महुआडांड़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। करीब 60 घायलों को महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 20 लोगों को कार्मेल अस्पताल भेजा गया। बाद में गंभीर रूप से घायल यात्रियों को गुमला और लातेहार के अस्पतालों में रेफर किया गया। गुमला अस्पताल में दो पुरुष और लातेहार सदर अस्पताल में एक महिला की मौत हो गई। देर रात 25 घायलों को अंबिकापुर लाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और यात्री ने दम तोड़ दिया।
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गंभीर रूप से घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं और मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।


