Bank Holidays September 2026 showing closed bank branch and calendar dates
Bank Holidays September 2026 showing closed bank branch and calendar dates

Bank Holidays September 2026: बैंक से जुड़ा जरूरी काम है तो तारीख देखकर घर से निकलें। सितंबर के दूसरे हफ्ते यानी 7 से 13 सितंबर 2026 के बीच बैंक शाखाएं तीन दिन बंद रहेंगी। 11 सितंबर को जयपुर नगर निगम क्षेत्र में स्थानीय निकाय चुनाव के कारण बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा। इसी दिन बैंक यूनियनों ने देशव्यापी हड़ताल का ऐलान भी किया है। इसके बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे।

7 से 10 सितंबर तक बैंक सामान्य रूप से खुलेंगे

अगर आपको बैंक की शाखा में जाकर कोई जरूरी काम निपटाना है तो 7, 8, 9 और 10 सितंबर को काम किया जा सकता है। इस दौरान RBI के छुट्टी कैलेंडर के अनुसार कोई प्रमुख राष्ट्रीय या क्षेत्रीय बैंक अवकाश नहीं है। इसलिए ज्यादातर बैंक शाखाएं सामान्य समय पर खुली रहेंगी।

11 सितंबर को क्यों बंद रहेंगे बैंक?

11 सितंबर 2026, शुक्रवार को जयपुर नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाली बैंक शाखाएं स्थानीय निकाय चुनाव के कारण बंद रहेंगी। यह छुट्टी पूरे देश या राजस्थान के हर शहर के लिए लागू नहीं है। RBI की सूची में 11 सितंबर का अवकाश जयपुर नगर निगम चुनाव के लिए दर्ज है। इसके अलावा, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने भी 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल का प्रमुख मुद्दा पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत अन्य मांगें हैं। SBI ने भी बताया है कि हड़ताल के कारण बैंक का कामकाज प्रभावित हो सकता है। इसका मतलब यह है कि 11 सितंबर को सिर्फ छुट्टी वाले शहरों में ही नहीं, बल्कि अन्य जगहों पर भी बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है।

12 सितंबर को पूरे देश में दूसरा शनिवार

12 सितंबर, शनिवार को महीने का दूसरा शनिवार है। बैंकिंग नियमों के तहत दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक शाखाएं बंद रहती हैं। इसलिए इस दिन देशभर में बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज नहीं होगा।

13 सितंबर को रविवार

13 सितंबर, रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इस तरह 11 से 13 सितंबर तक लगातार तीन दिनों तक बैंक शाखाओं से जुड़े काम प्रभावित हो सकते हैं।

बैंक बंद होने पर कौन-सी सेवाएं चलेंगी?

बैंक शाखाएं बंद होने का मतलब यह नहीं है कि सभी बैंकिंग सेवाएं बंद हो जाएंगी। ग्राहक आम तौर पर UPI, नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और ATM का इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, किसी सेवा के लिए बैंक शाखा जाना जरूरी है तो उसे छुट्टी से पहले निपटाना बेहतर रहेगा। खासकर कैश जमा, चेक से जुड़े काम, दस्तावेज जमा करने या शाखा स्तर पर होने वाले दूसरे जरूरी कामों के लिए संबंधित बैंक की स्थिति पहले जांच लेना चाहिए।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।