FASTag OneTag Portability: अब FASTag का बैंक बदलने के लिए वाहन की विंडस्क्रीन से पुराना FASTag स्टिकर हटाकर नया टैग लेने की जरूरत नहीं होगी। NHAI ने OneTag नाम की FASTag पोर्टेबिलिटी सेवा शुरू की है।
इसके जरिए वाहन मालिक मौजूदा FASTag स्टिकर और उसकी FASTag ID को बरकरार रखते हुए बैंक बदल सकेंगे। यह सुविधा मोबाइल नंबर पोर्ट करने जैसी है, जिसमें नंबर वही रहता है और टेलीकॉम कंपनी बदल जाती है।
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में शुरू हुई OneTag सेवा
FASTag OneTag पोर्टेबिलिटी सुविधा की शुरुआत मुंबई में आयोजित ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने की। नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह है कि बैंक बदलने के बाद भी वाहन की विंडस्क्रीन पर लगा FASTag स्टिकर वही रहेगा। FASTag ID में भी बदलाव नहीं होगा। इससे बार-बार नया FASTag खरीदने और पुराने टैग को हटाने की परेशानी खत्म होगी।
RajmargYatra App से ऐसे बदलें FASTag बैंक
FASTag को दूसरे बैंक में पोर्ट करने के लिए वाहन मालिक को सबसे पहले अपने मोबाइल में RajmargYatra App पर लॉगिन करना होगा। इसके बाद वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करना होगा। ऐप यह बताएगा कि संबंधित वाहन FASTag पोर्टेबिलिटी के लिए पात्र है या नहीं। अगर वाहन पात्र है तो मौजूदा FASTag बैंक की ओर से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर 6 अंकों का Verification Code यानी MVC भेजा जाएगा। इस कोड को ऐप में दर्ज करने के बाद यूजर अपनी पसंद का नया FASTag इशूअर बैंक चुन सकेगा। इसके बाद नए बैंक के साथ Customer Verification और Wallet Onboarding की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। प्रक्रिया पूरी होते ही FASTag को नए बैंक में पोर्ट किया जा सकेगा।
दोबारा बैंक बदलने के लिए 6 महीने का इंतजार
OneTag में बैंक बदलने के बाद दोबारा पोर्टेबिलिटी के लिए 6 महीने का कूलिंग पीरियड रखा गया है। यानी एक बार FASTag सफलतापूर्वक दूसरे बैंक में पोर्ट होने के बाद अगले 6 महीने तक उसे किसी अन्य बैंक में दोबारा पोर्ट नहीं किया जा सकेगा। पोर्टेबिलिटी पूरी होने के बाद पुराना बैंक मौजूदा FASTag वॉलेट को बंद करेगा। वॉलेट में बची राशि को रिफंड किया जाएगा। इसके बाद नए बैंक के साथ FASTag सेवा जारी रहेगी।
इन बैंकों के जरिए फिलहाल कर सकेंगे FASTag पोर्ट
- State Bank of India (SBI)
- Airtel Payments Bank
- Axis Bank
- City Union Bank
- Federal Bank
- HDFC Bank
- IndusInd Bank
- Indian Overseas Bank
- Karur Vysya Bank
- ICICI Bank
OneTag से FASTag व्यवस्था में क्या बदलेगा?
NHAI के मुताबिक OneTag का उद्देश्य केवल बैंक बदलने की प्रक्रिया आसान करना नहीं है। इससे FASTag के पूरे लाइफ साइकिल मैनेजमेंट को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी। बार-बार नए FASTag बनाने की जरूरत कम होने से टैग के उत्पादन, डिस्पैच और उससे जुड़े दूसरे खर्चों में कमी आ सकती है। इससे FASTag इकोसिस्टम को अधिक कुशल बनाने में मदद मिलेगी।



