टीआरपी डेस्क। वैश्विक दबाव के चलते सप्ताह के पहले ही दिन सोमवार 18 मई 2026 को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सेंसेक्स 800 से अधिक अंक टूट गया। शुरुआती कारोबार में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के लाल निशान पर खुलने के साथ ही अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया भी फिसलकर 96.20 के सर्वकालिक रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया है।

वैश्विक बॉन्ड यील्ड और मैक्रो चिंताओं से टूटा बाजार

सोमवार को भारतीय बाजार में मंदी की पकड़ मजबूत होने का सबसे बड़ा कारण वैश्विक बॉन्ड यील्ड का रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचना रहा। इसके साथ ही रुपये के सर्वकालिक निचले स्तर पर आ जाने और कई अन्य आर्थिक (मैक्रो) चिंताओं ने निवेशकों के सेंटिमेंट को बुरी तरह प्रभावित किया, जिससे बाजार खुलते ही चौतरफा बिकवाली देखने को मिली।

सुबह 9 बजकर 29 मिनट पर सेंसेक्स 879.66 (1.16%) अंक गिरकर 74,358.33 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 255.80 (1.08%) अंकों की गिरावट के साथ 23,387.70 के स्तर पर आ गया। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र (शुक्रवार) को भी बाजार में गिरावट थी, जब सेंसेक्स 160.73 अंक फिसलकर 75,237.99 और निफ्टी 46.10 अंक गिरकर 23,643.50 के स्तर पर बंद हुआ था।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।