टीआरपी डेस्क। गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर दौरे के दौरान नक्सलवाद के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी सामने आई है। छत्तीसगढ़ के कुल 86 नक्सलियों ने तेलंगाना में आत्मसमर्पण कर दिया है। भद्राद्रि कोठागुडेम मल्टी जोन -1 के आईजी चंद्रशेखर रेड्डी के अनुसार, इन सभी नक्सलियों ने कोठागुडेम के हेमचंद्रपुरम पुलिस मुख्यालय में आत्मसमर्पण किया।

सूत्रों के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सली छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। इनमें 66 पुरुष और 20 महिलाएं शामिल हैं। ये माओवादी भद्राद्री कोठागुडेम और मुलुगु जिलों में सक्रिय थे और अब उन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है।

आईजी रेड्डी ने जानकारी दी कि आत्मसमर्पण तेलंगाना सरकार के ‘ऑपरेशन चेयुथा’ के तहत हुआ है, जो नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति स्थापना की दिशा में एक अहम पहल है। आत्मसमर्पण करने वालों को सरकार की ओर से 25 हजार रुपये की तत्काल सहायता भी प्रदान की गई है।

यह आत्मसमर्पण न सिर्फ आंतरिक सुरक्षा के लिए बड़ी उपलब्धि है, बल्कि यह इस बात का भी संकेत है कि सरकार की रणनीति और पुनर्वास योजनाएं कारगर साबित हो रही हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।