टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में लॉ की पढ़ाई कर रहे एक छात्र ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना में छात्र बुरी तरह झुलस गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना कोनी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, 21 वर्षीय आयुष यादव गुरुवार सुबह अचानक अपने कमरे से बाहर निकला। कुछ देर बाद वह पेट्रोल से भरी बोतल लेकर लौटा और खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा ली। आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप कर आग बुझाई और उसे बचाने की कोशिश की।

घटना की सूचना मिलते ही उसके दोस्त मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से आयुष को सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे अपोलो अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस फिलहाल छात्र से पूछताछ करने की कोशिश कर रही है, लेकिन उसकी हालत के चलते बयान दर्ज नहीं हो सका है।

बताया जा रहा है कि आयुष यादव उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और बिलासपुर में एक निजी हॉस्टल में रहकर लॉ सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता प्रमोद यादव बीएसएफ में पदस्थ हैं और वर्तमान में त्रिपुरा में सेवाएं दे रहे हैं।

कोनी थाना प्रभारी भावेश शेंडे ने बताया कि घटना के समय आयुष का रूम पार्टनर बाहर गया हुआ था। उसी दौरान उसने यह कदम उठाया। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और उनके देर शाम तक बिलासपुर पहुंचने की संभावना है। फिलहाल युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।