टीआरपी डेस्क। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज शाम 4:00 बजे नया रायपुर के अटल नगर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की एक बेहद आपात और महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। सूत्रों ने बताया कि 13 जुलाई से शुरू होने जा रहे विधानसभा के मानसून सत्र से ठीक पहले हो रही इस बैठक में सरकार कुछ ऐसे कड़े फैसले ले सकती है, जिससे विपक्ष उन्हें ना घेर पाएं।

नकटी विवाद पर कर सकते है मंथन

नकटी गांव में हुई हालिया बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आर-पार की जंग छिड़ी हुई है। कल ही कांग्रेस ने इस मामले में अपनी जांच रिपोर्ट जारी करने और 10 जुलाई को राजभवन जाने का ऐलान किया है। सूत्रों के मुताबिक, साय सरकार इस विवाद को शांत करने और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को लेकर आज कैबिनेट की बैठक में कोई बड़ा और चौंकाने वाला फैसला ले सकती है, ताकि मानसून सत्र में विपक्ष के पास घेरने का मौका न रहे।

विधानसभा सत्र में 1,033 सवाल

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होने जा रहा है, जिसे लेकर प्रदेश की राजनीति में भारी हलचल है। सत्र को लेकर चल रही तैयारियों के बीच कुछ बड़े आंकड़े और मुद्दे सामने आए हैं:

सवालों की बौछार: इस बार विधानसभा सत्र के लिए विधायकों की ओर से अब तक कुल 1,033 प्रश्न लगाए जा चुके हैं, जो सरकार की घेराबंदी के लिए तैयार हैं।

विपक्ष का चक्रव्यूह: कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था, प्रदेश में बढ़ती चाकूबाजी, हत्या, महिलाओं के खिलाफ अपराध, नशे का कारोबार, बिजली-पानी का संकट और सड़क निर्माण जैसे मुद्दों पर सरकार को सदन में पूरी तरह से घेरने की रणनीति बनाई है।

हंगामे के आसार: प्रश्नकाल, शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और भारी हंगामे के पूरे आसार बने हुए हैं।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।