टीआरपी। Action taken against hunters of wild animal Chital : वन्य प्राणी चीतल के अवैध शिकार से जुड़े प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पिछले कई दिनों से आरोपियों की तलाश की जा रही थी। 19 नवंबर 2025 को एक आरोपी तथा 22 नवंबर को दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वनमंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने बताया कि वन्य प्राणी की रक्षा के लिए अनेक उपाय किए जा रहे हैं। शिकार करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जा रही है।

फंदा और करंट न लगाने की अपील

वन मंडलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल के समीप रहने वाले लोग अपने खेत अथवा घर के चारों ओर बिजली का करंट नहीं लगाएं। जानवरों को पकड़ने अथवा मारने के लिए किसी भी तरह का फंदा भी नहीं लगाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत निकटतम वन परिक्षेत्र कार्यालय को दें, ताकि समय रहते अपराधियों पर कार्रवाई की जा सके और वन्यजीवों की रक्षा हो सके।

न्यायिक हिरासत में भेजा

गौरतलब है कि विगत 24 अगस्त 2025 को अर्जुनी परिक्षेत्र में चीतल के अवैध शिकार का प्रकरण दर्ज किया गया था। चार आरोपियों में से दो को उसी दिन गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि दो आरोपी फरार थे। इन दोनों की तलाश अर्जुनी परिक्षेत्र की टीम लगातार कर रही थी। इसी अभियान के तहत गिरफ्तार आरोपियों में श्रीधर वल्द मंगल सिंह बरिसा और अनिल वल्द चमार सिंह बरिहा, निवासी अर्जुनी शामिल हैं। दोनों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर जिला जेल बलौदाबाजार में न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।