दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई से एक दहला देने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुर्ग जिले के भिलाई में सिविक सेंटर स्थित भिलाई निवास के पीछे मंगलवार को एक अज्ञात व्यक्ति का कटा हुआ सिर मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
सिर की हालत इतनी खराब और बुरी तरह सड़ी हुई है कि मृतक की पहचान करना पुलिस के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन गया है। इस खौफनाक खुलासे के बाद स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर गहन जांच में जुट गई है।
नाली जाम होने पर पहुंचे थे सफाई कर्मचारी
मिली जानकारी के अनुसार, भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के भिलाई निवास के पीछे सेप्टिक लाइन का पानी जाम होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद बीएसपी के कुछ सफाई कर्मचारी मौके पर लाइन की सफाई करने पहुंचे थे। जब कर्मचारी जाम लाइन और उसके आसपास सफाई का काम कर रहे थे, तभी उनकी नजर वहां पड़ी एक संदिग्ध बोरी पर पड़ी।
बोरी के अंदर मिला नर कंकाल का सिर
जब कर्मचारियों ने बोरी खोलकर देखी, तो उनके होश उड़ गए। बोरी के अंदर इंसानी सिर मौजूद था, जो किसी नर कंकाल का हिस्सा लग रहा था। सिर की हालत बेहद खराब थी और वह काफी हद तक सड़ चुका था, जिससे साफ है कि यह मामला पुराना हो सकता है।
अचानक बोरी के अंदर कटा सिर मिलने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और इलाके को घेरकर बारीकी से मुआयना किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद सिर काफी लंबे समय से वहां पड़ा होने की वजह से क्षत-विक्षत अवस्था में है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या और अन्य सभी एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिलने वाले साइंटिफिक तथ्यों के आधार पर की जाएगी।


