बड़ी खबरः गोलबाजार की दुकानों का मालिकाना हक देने 8 सितंबर को होगा फैसला, पहले चरण में 172 दुकानदारों को मिलेगा मालिकाना हक

रायपुर। शहर के ऐतिहासिक गोलबाजार के दुकानदारों को दुकानों का मालिकाना हक देने की प्रक्रिया ने एक और चरण पार कर लिया है। अब दुकानदारों की दुकानों के मालिकाना हक का फैसला 8 सितंबर को सामान्य सभा की बैठक में होगा। कांग्रेस और भाजपा के पार्षद इसपर फैसला लेंगे।

दरअसल आज नगर निगम में एमआईसी की बैठक में गोलबाजार के दुकानदारों को उनके दुकानों का मालिकाना हक दिए जाने का प्रस्ताव रखा गया। जिसे सर्वसहमति से पास कर दिया गया है। नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार पहले चरण में कुल 172 व्यापारियों को उनकी दुकानों का मालिकाना हक दिया जाएगा।

नगर निगम के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार अब भी गोलबाजार में दुकानों के सर्वे का काम जारी है। नगर निगम में पहले कुल 579 दुकानों का सर्वे कार्य किया था। जिसके लिए दावा-आपत्ति भी मंगवाई गई थी। जिसके बाद अब कुल दुकानों की संख्या 590 तक पहुंच चुकी है।

हालांकि पहले चरण में 172 दुकानों की सूची को नगर निगम की आगामी सामान्य सभा में मंजूरी के लिए रखा जाएगा। सदन से मंजूरी मिलने पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बाजार विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गोलबाजार की दुकानों का मालिकाना हक देने के लिए पात्र दुकानदारों की पहली सूची दस्तावेजों का परीक्षण, मौके का निरीक्षण के बाद ही तैयार की गई है।

गोलबाजार की दुकानों का मालिकाना हक देने की प्रक्रिया अब एक और चरण आगे बढ़ चुकी है। करीब 590 दुकानदारों की सूची तैयार कर ली गई है, जिसमें से 172 दुकानदारों की लिस्ट आगामी सामान्य सभा में मंजूरी के लिए रखी जानी है। सामान्य सभा में सहमति के बाद यह लिस्ट प्रशासन को भेज दी जाएगी।
अरविंद शर्मा
अपर आयुक्त, नगर निगम, रायपुर

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू और वॉट्सएप, पर
…

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।