टीआरपी डेस्क। टैक्स चोरी की शिकायत पर मंगलवार को इनकम टैक्स की टीम ने रायपुर और धमतरी के ज्वेलरी शॉप में छापा मारा है। रायपुर के सदर बाजार स्थिति एएम ज्वेलर्स और धमतरी के सेठिया ज्वेलरी पर टैक्स चोरी की शिकायत पर इन जिलों में आईटी ने छापेमार कार्रवाई की है।

धमतरी के इतवारी बाजार स्थित सेठिया ज्वेलर्स में मंगलवार, 4 फरवरी को इनकम टैक्स विभाग की टीम ने छापेमारी की, जिससे शहर में हड़कंप मच गया। इस कार्रवाई की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई, खासकर सराफा एसोसिएशन में इसे लेकर कई चर्चाएं होने लगीं।

12 से 13 अधिकारियों की टीम ने की छापेमारी

मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे रायपुर पासिंग की चार गाड़ियां इतवारी बाजार पहुंचीं। इन गाड़ियों में 12 से 13 अधिकारी सवार थे, जिनमें महिला अधिकारी भी शामिल थीं। धमतरी इनकम टैक्स ऑफिस के अधिकारी भी इस कार्रवाई में शामिल रहे। बता दें कि कुछ अधिकारी ज्वेलरी शॉप पहुंचे तो कुछ ऊपरी मंजिल पर स्थित निवास में गए।

इसके अलावा इनकम टैक्स की एक टीम सेठिया परिवार के मैत्री विहार कॉलोनी स्थित निवास पर भी पहुंची। वहां से संचालक को अपनी गाड़ी में बैठाकर दुकान लाया गया।

शादी के बाद हुई छापेमारी

सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में परिवार में रायपुर में एक शादी का आयोजन हुआ था, जिसमें भव्य आयोजन और बड़े खर्च को लेकर चर्चा थी। माना जा रहा है कि इसी के बाद इनकम टैक्स की कार्रवाई की गई। इनकम टैक्स अधिकारियों ने फिलहाल किसी भी जानकारी को साझा करने से इनकार कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक जांच जारी थी और बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।